पेट्रोल-डीजल मूल्यवृद्धि के खिलाफ CPI(M) का जोरदार प्रदर्शन

43

– प्रधानमंत्री का पुतला फूंका, महंगाई–बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ में आज भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) हनुमानगढ़ टाउन कमेटी द्वारा पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हाल ही में की गई 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और बढ़ती महंगाई पर रोष व्यक्त किया।
सीपीआई(एम) नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता पहले से ही त्रस्त है, ऐसे में 48 घंटे के भीतर पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी बढ़ोतरी ने “जलती पर घी डालने” का काम किया है। पार्टी का आरोप है कि केंद्र व राज्य सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के चलते देश का किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग गंभीर संकट से गुजर रहा है। बेरोजगारी और भुखमरी में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे आम आदमी का जीवन यापन कठिन होता जा रहा है। नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पांच राज्यों में चुनाव संपन्न होने के तुरंत बाद पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में वृद्धि कर देश की जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला गया है। उनका कहना था कि वर्तमान में देश की जो आर्थिक और सामाजिक स्थिति बनी हुई है, वह पूरी तरह से सरकार की जनविरोधी नीतियों का परिणाम है। Iईप्रदर्शन के दौरान पार्टी ने मांग की कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए और आवश्यक वस्तुओं की महंगाई पर नियंत्रण किया जाए। इस अवसर पर का. आत्मा सिंह, का. बहादुर सिंह चौहान, का. बसंत सिंह, का. हरजी वर्मा, का. अरविंद मुंशी, का. राज बाबू, का. श्री चंद, का. जगतार सिंह, का. मिथिलेश सिंह, का. ललन सिंह, मेजर सिंह, शविंदर सिंह, जगदीश यादव, संदीप बसोद, जगमोहन सिंह यादव, कुलदीप सिंह और सुरेश दास सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।