गेहूं खरीद सीमा बढ़ाने और गोदाम उपलब्ध कराने की मांग

41

-व्यापारिक संगठनों व किसान नेताओं ने संयुक्त रूप से जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय पर मंडी में समर्थन मूल्य पर हो रही गेहूं खरीद के दौरान उत्पन्न समस्याओं को लेकर विभिन्न व्यापारिक संगठनों, किसान संगठनों एवं श्रमिक संगठनों ने संयुक्त रूप से जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गेहूं खरीद सीमा बढ़ाने, खरीद अवधि 30 जून तक करने, बारदाना उपलब्ध करवाने तथा अतिरिक्त गोदाम खोलने की मांग की।
इस संबंध में फुडग्रेन मर्चेन्ट्स एसोसिएशन, व्यापार संघ, व्यापार मंडल, फुडग्रेन व्यापार मंडल, खाद्य व्यापार संघ, अखिल भारतीय किसान सभा, भारतीय ट्रेड यूनियन केन्द्र (सीटू) सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने संयुक्त ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि मंडी यार्ड हनुमानगढ़ टाउन में किसानों से खरीदे गए गेहूं के भंडारण हेतु वर्तमान में संचालित गोदाम लगभग भर चुके हैं। अनीता गोयल वेयरहाउस की क्षमता पूरी होने के कगार पर है, जबकि मरुधरा एवं नंदन वेयरहाउस भी लगभग भर चुके हैं। ऐसे में मंडी में लाखों गेहूं कट्टे खुले में पड़े हुए हैं। मौसम विभाग द्वारा लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया जा रहा है, जिससे किसानों और व्यापारियों में फसल खराब होने की आशंका बनी हुई है।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में एफसीआई, आरएसएफसीएससी तथा तिलम संघ द्वारा करीब 19 लाख गेहूं कट्टों का बारदाना वितरित किया जा चुका है, जिनमें से लगभग 12 लाख कट्टों का उठाव कर गोदामों में भंडारण किया गया है, जबकि करीब 7 लाख कट्टे अभी भी मंडी में भरे पड़े हैं। इसके अतिरिक्त खुले प्लेटफॉर्म और शेडों में बड़ी मात्रा में गेहूं ढेरियों के रूप में रखा हुआ है। संगठनों ने मांग की कि अतिरिक्त गोदाम तत्काल प्रभाव से खोले जाएं ताकि मंडी से उठाव सुचारू रूप से हो सके।
पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार बीकानेर डिवीजन के लिए गेहूं खरीद लक्ष्य में 84 हजार मीट्रिक टन की बढ़ोतरी की गई है। इसके बावजूद हनुमानगढ़ टाउन मंडी में खरीद सीमा अपर्याप्त है। पिछले वर्ष एफसीआई द्वारा यहां 2 लाख 87 हजार से अधिक गेहूं कट्टों की रिकॉर्ड खरीद की गई थी, जबकि इस वर्ष सरसों एवं जौ के स्थान पर अधिक क्षेत्र में गेहूं की बुवाई होने से उत्पादन में भारी बढ़ोतरी हुई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।