400 सेवादारों की टीम ने किया रेस्क्यू, जिला प्रशासन को हर संभव सहयोग का भरोसा
हनुमानगढ़। जिले में हुई हालिया भारी वर्षा व घग्गर में बढ़ते जल स्तर को देखते हुए बने बाढ़ जैसे हालातों में जहां ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं जरूरतमंदों की मदद के लिए डेरा सच्चा सौदा के सेवादार आगे आए हैं। मंगलवार को डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर राहत और बचाव कार्यों में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
डेरा सच्चा सौदा सच्ची प्रेमी समिति के सेवादार श्यामलाल इंसा ने बताया कि सोमवार को डेरा सच्चा सौदा की 400 सेवादारों की विशेष टीम शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी ने पूज्य गुरु जी संत डॉ गुरमीत राम रहीम सिंह जी इंसा की प्रेरणा अनुसार गांव मक्कासर में बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में जाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। 70 से अधिक घरों में पानी घुस जाने से ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में सेवादारों ने न केवल घरों में फंसे लोगों को बाहर निकाला, बल्कि उनके सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाने का भी कार्य किया।
उन्होंने बताया कि बाढ़ की इस विकट स्थिति में डेरा सच्चा सौदा के सदस्य हर समय राहत और बचाव कार्यों के लिए तत्पर हैं। निवर्तमान पार्षद गुरदीप सिंह बराड़, मदन बाघला व सच्चे नम्र सेवादारो ने भी जिला कलेक्टर को आश्वस्त किया कि डेरा सच्चा सौदा के 400 से अधिक युवा सदस्य, सैकड़ों महिलाएं एवं पुरुष किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन के साथ मिलकर राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
कलेक्टर से मुलाकात के दौरान सेवादारों ने कहा कि वर्तमान हालात में लोगों की जान और माल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि प्रशासन चाहे तो डेरा सच्चा सौदा की टीमें ग्रामीण इलाकों में रहकर प्रभावितों की मदद के लिए स्थायी रूप से तैनात भी रह सकती हैं।
स्थानीय लोगों ने भी सेवादारों की इस तत्परता और सेवा भावना की सराहना की है। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय जब लोग मुश्किल हालातों से जूझ रहे हैं, तब सेवादारों का इस तरह से सामने आना मानवता की सच्ची मिसाल है।
गौरतलब है कि डेरा सच्चा सौदा पहले भी प्राकृतिक आपदाओं और सामाजिक कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाता रहा है। अब हनुमानगढ़ जिले में बने हालातों में भी उनकी टीमें राहत कार्यों के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































