– विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को किया गया सम्मानित

258

राष्ट्रीय खेल दिवस पर सहारणी में विविध खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन
हनुमानगढ़। मेरा युवा भारत हनुमानगढ़ के तत्वाधान में सोमारनाथ युवा मंडल सहारणी द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेजर ध्यानचंद जयंती पर विविध खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन केंद्रीय विद्यालय हनुमानगढ़ में किया गया। आयोजन सचिव व एथलेटिक्स कोच सुनील सांमरिया ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में खेल भावना का विकास करना तथा हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के योगदान को स्मरण करना रहा।
पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य आरसी देहडू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मेजर ध्यानचंद जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और खिलाड़ियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। इसके साथ ही सभी विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिताओं में बच्चों से लेकर ओपन आयु वर्ग तक के खिलाड़ियों ने भाग लिया। 9 वर्ष बालिका वर्ग में 60 मीटर दौड़ में निकिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि लंबी कूद में जिया कड़वा प्रथम रही। इसी प्रकार 11 वर्ष वर्ग में लड़कों की 60 मीटर दौड़ में अरुण, लंबी कूद में नीलगणेश और 200 मीटर दौड़ में यक्षित तंवर विजेता बने। लड़कियों में 60 मीटर दौड़ में वंसमीत और लंबी कूद में परिधि ने पहला स्थान हासिल किया।
16 वर्ष आयु वर्ग में लड़कों की 100 मीटर दौड़ में अमान, 600 मीटर में विक्रम और गोला फेंक में अंशदीप ने बाजी मारी। लड़कियों में 100 मीटर दौड़ में मन्नत, 600 मीटर दौड़ में लक्ष्या, लंबी कूद में पूनम, गोला फेंक में नवसीरत और ऊंची कूद में एकम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
ओपन आयु वर्ग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। लड़कों की 100 मीटर दौड़ में चेतराम, 400 मीटर दौड़ में साहिल लोहिया, 1500 मीटर में विशाल, लंबी कूद में अंकित और ऊंची कूद में धर्मवीर विजेता रहे। वहीं, लड़कियों में 100 मीटर दौड़ में पूजा, 1500 मीटर दौड़ में आरती और लंबी कूद में ज्योति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि अनुशासन, परिश्रम और टीम भावना का भी विकास करते हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजक मंडल और सभी खिलाड़ियों को बधाई दी गई।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।