नायक महासभा की प्रदेश स्तरीय बैठक में समाज हितों पर मंथन

120

-ST दर्जे की मांग तेज, छात्रावास निर्माण व अधिकारों के लिए आंदोलन का ऐलान
हनुमानगढ़। 
राजस्थान प्रदेश नायक महासभा की प्रदेश कार्यकारिणी एवं जिला अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक 29 मार्च 2026 को किसान भवन में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर से आए सभी जिला अध्यक्षों ने भाग लिया और समाज के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष बी.एल. वर्मा की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने बैठक को संबोधित करते हुए समाज के अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष निरंजन नायक ने समाज को अनुसूचित जनजाति (ST) में शामिल कराने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष निरंजन नायक ने कहा कि इस संबंध में राज्य सरकार और केंद्र सरकार से शीघ्र ही वार्ता की जाएगी, ताकि समाज को उसका अधिकार दिलाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो समाज अपने हक और हितों के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाने से भी पीछे नहीं हटेगा।
बैठक में सूरतगढ़ के एसडीएम द्वारा समाज के प्रमाण पत्र निरस्त करने की कार्रवाई पर भी कड़ा विरोध जताया गया। वक्ताओं ने इसे समाज के अधिकारों के साथ अन्याय बताते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी भी अधिकारी द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई दोहराई गई तो पूरा समाज एकजुट होकर प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेगा।
इसके अलावा जयपुर में समाज के छात्रावास निर्माण के मुद्दे पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बताया गया कि छात्रावास के लिए भूमि आवंटित की जा चुकी है, अब उस पर भवन निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग जुटाने की आवश्यकता है। इस कार्य के लिए प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में समाज के लोगों से सहयोग राशि एकत्रित करें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।