– बच्चों की विशाल रैली ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
हनुमानगढ़ टाउन के पंजाबी मोहल्ला स्थित गुरुतेग बहादुर पब्लिक स्कूल में आज पृथ्वी दिवस बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा पृथ्वी संरक्षण का संदेश देने हेतु एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यालय के डायरेक्टर बलकरण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस रैली को वार्ड के पूर्व पार्षद प्रदीप एरी एवं यातायात पुलिस थाना के प्रभारी अनिल चिन्दा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, पृथ्वी बचाओ, पेड़ लगाओ जैसे संदेशों वाली तख्तियां हाथों में लेकर नारे लगाए। यह जागरूकता रैली पंजाबी मोहल्ला में स्कूल से प्रारंभ होकर शिला माता मंदिर, गुरुद्वारा सुखा सिंह मेहताब सिंह, यातायात पुलिस थाना, पुराना हॉस्पिटल होते हुए हिसारिया चौक पर संपन्न हुई। रैली के दौरान आमजन ने भी बच्चों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को पृथ्वी दिवस के महत्व, पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि पृथ्वी हमारी सब माँ है इसकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है ,और छोटे-छोटे प्रयास भी बड़ा बदलाव ला सकते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर बलकरण सिंह ने यातायात पुलिस थाना प्रभारी अनिल चिन्दा को राजस्थान सरकार द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित होने पर उनको फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। रैली के पश्चात विद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया व पार्क में पौधा रोपण किया गया । पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम,द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे बच्चो को सम्मानित किया गया । कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक गुरविंदर सिंह, गीता मिड्डा, सुरेंद्र कुमार, उपासना, नीतू, प्रीति पारिक, हरप्रीत कौर सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































