– धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को युवाओं की एकजुटता की जीत बताते हुए टाउन सेंट्रल पार्क में मनाया जश्न
हनुमानगढ़। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र-युवाओं के आंदोलन के दौरान हुई कथित बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज की घटना के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद हनुमानगढ़ के युवाओं ने शनिवार को टाउन स्थित सेंट्रल पार्क में जश्न मनाया। युवाओं ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को आंदोलन की सफलता और युवाओं की एकजुटता की जीत बताया।
सेंट्रल पार्क में बड़ी संख्या में युवा एकत्रित हुए और आंदोलन की सफलता पर खुशी जताई। इस दौरान युवाओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने वाले छात्र-युवाओं के संघर्ष को सलाम किया। उक्त कार्यक्रम में विभिन्न गुरुद्वारा साहब की सेवादारों द्वारा चाय पकौड़े एवं मीठे चावल का लंगर भी लगाया जिसे समस्त युवाओं ने ग्रहण किया। युवाओं का कहना था कि जब बड़ी संख्या में विद्यार्थी और युवा अपने अधिकारों तथा भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर एकजुट होकर आवाज उठाते हैं तो सरकार को उनकी बात सुननी पड़ती है।
गौरतलब है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कई सप्ताह से छात्र एवं युवा परीक्षा व्यवस्था, कथित पेपर लीक और छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। आंदोलन के दौरान छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर भी व्यापक विरोध सामने आया था। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भी शामिल था।
25 जुलाई को धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंप दिया। अपने इस्तीफे के संदेश में उन्होंने जंतर-मंतर और देशभर में बनी परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं का भविष्य किसी विवाद में नहीं उलझना चाहिए। उनके इस्तीफे के बाद जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारी युवाओं ने भी खुशी जाहिर की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































