श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए लगाया निःशुल्क मालिश एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर

19
हनुमानगढ़। सहयोग शक्ति फाउंडेशन एवं आयुर्वेदिक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हनुमानगढ़ टाउन स्थित यातायात पुलिस थाना परिसर में सालासर धाम एवं पल्लू धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से निःशुल्क मालिश एवं प्राकृतिक चिकित्सा सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से लंबी पैदल यात्रा के कारण होने वाली थकान और शारीरिक दर्द से परेशान श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। शिविर के सफल समापन पर सेवा कार्य में योगदान देने वाले चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, स्वयंसेवकों एवं यातायात विभाग के पुलिसकर्मियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
शिविर में श्रद्धालुओं को मालिश, मसाज मशीनों तथा गर्म पानी से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। इन सेवाओं का उद्देश्य लंबी यात्रा से होने वाली थकान को कम करना और यात्रियों को शारीरिक आराम प्रदान करना रहा। सहयोग शक्ति फाउंडेशन एवं आयुर्वेदिक विभाग की इस पहल से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान राहत पहुंचाने के साथ सेवा और मानवता का संदेश भी दिया गया।
योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप ने बताया कि शिविर में मायरा ढाका, नर्स संपता, कमलेश, इंद्रसेन, सुखमहेंद्र, पूनम एवं कमलेश सिहाग सहित पूरी टीम श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी रही। सभी सदस्यों ने समर्पण और सेवाभाव के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहयोग किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।