हनुमानगढ़। अपने ग्राहकों को बेहतर, संतोषजनक और परेशानी मुक्त सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित अपने ग्राहक सेवा केंद्र (CSC) का नवीनीकरण कर उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया है। अब इस केंद्र पर ग्राहकों को मोबाइल, इंटरनेट/वाईफाई सेवाएं, बिल संबंधी स्पष्टीकरण, बिल भुगतान सहित सभी दूरसंचार सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
नवीनीकृत सीएससी का उद्घाटन 22 अप्रैल 2026 को श्रीगंगानगर के महाप्रबंधक लालचंद सहारन द्वारा भव्य समारोह में किया गया। इस अवसर पर सहायक महाप्रबंधक रामपाल नरेंद्रनाथ, आईएफए विपिन कोचर सहित बीएसएनएल के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और चैनल पार्टनर भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में महाप्रबंधक लालचंद सहारन ने कहा कि बीएसएनएल हमेशा से अपने ग्राहकों के हितों को सर्वोपरि मानता आया है। हनुमानगढ़ जंक्शन का यह नया ग्राहक सेवा केंद्र इसी सोच का विस्तार है, जहां ग्राहकों को सभी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी। अब ग्राहकों को नई सेवा लेने, शिकायत दर्ज कराने या बिल संबंधी किसी भी कार्य के लिए इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नही पड़ेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि सभी सेवा संबंधी कर्मचारियों के एक ही स्थान पर होने से आपसी तालमेल और संचार बेहतर होगा, जिससे कार्य वातावरण अनुकूल बनेगा और कर्मचारियों की उत्पादकता में वृद्धि होगी। इसका सीधा लाभ ग्राहकों को बेहतर और तेज सेवाओं के रूप में मिलेगा।
इस मौके पर उन्होंने बीएसएनएल की नई योजनाओं की भी जानकारी दी। इनमें 1 रुपये की मोबाइल योजना विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें 30 दिनों के लिए असीमित कॉलिंग, प्रतिदिन 2GB डेटा और 100 एसएमएस के साथ 4G सेवाएं दी जा रही हैं। इसके अलावा 399 रुपये प्रति माह से शुरू होने वाली FTTH वाईफाई योजनाएं भी ग्राहकों के लिए उपलब्ध हैं, जिनमें हाई-स्पीड इंटरनेट, मुफ्त इंस्टॉलेशन, मुफ्त मॉडेम और टीवी चैनल जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































