हनुमानगढ़। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की त्रैमासिक बैठक शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिलाध्यक्ष सीताराम कड़वा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और आगामी रणनीति तय करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि बीकानेर संभाग प्रभारी एवं अनूपगढ़ विधायक शिमला नायक, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर तथा जिला प्रमुख कविता मेघवाल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया।
बैठक के दौरान संगठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने को लेकर कार्यकर्ताओं से सुझाव आमंत्रित किए गए। कई कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और संगठनात्मक चुनौतियों को सामने रखते हुए समाधान भी सुझाए। चर्चा में यह बात प्रमुखता से उभरकर सामने आई कि यदि पार्टी को आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करना है तो बूथ और ब्लॉक स्तर पर संगठन को सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है।
मुख्य अतिथि शिमला नायक ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाएं और समाज के वंचित वर्गों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाएं। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की असली ताकत होती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































