हनुमानगढ़। जनसंघर्षों के प्रतीक और किसानों के हक के लिए जीवनभर संघर्ष करने वाले कामरेड श्योपत सिंह मक्कासर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन लाल चौक पर किया गया, जहां गांव मक्कासर के लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि कामरेड श्योपत सिंह का पूरा जीवन गरीब, किसान और मजदूर वर्ग के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि जनआंदोलनों के मजबूत स्तंभ थे, जिनकी सोच और कार्यशैली आज भी प्रासंगिक है। मक्कासर ने कहा कि वर्तमान समय में जब किसानों और आमजन को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में श्योपत सिंह के संघर्षों से प्रेरणा लेकर कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बनकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से ही सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे की पक्षधर रही है और इसी विचारधारा को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता, ब्लॉक पदाधिकारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि कामरेड श्योपत सिंह ने अपने संघर्षों से यह साबित किया कि जनहित के लिए लड़ने वाला व्यक्ति हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहता है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया। सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में उनके योगदान को याद करते हुए उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































