24 मई तक देशभर में भीषण गर्मी का कहर, इन राज्यों में हुआ हीटवेव अलर्ट जारी

26

देश के कई हिस्सों में गर्मी (Heatwave Alert) लगातार खतरनाक स्तर पर पहुंचती जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने चेतावनी दी है कि आने वाला सप्ताह देश के लिए बेहद मुश्किल भरा हो सकता है। कई शहरों में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

इसके साथ ही मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि एल नीनो की स्थिति इस साल मानसून को कमजोर कर सकती है, जिससे किसानों और आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल देश के बड़े हिस्सों में तापमान 40 से 45 डिग्री के बीच बना हुआ है।

कई राज्यों में हीटवेव अलर्ट जारी
IMD के मुताबिक, कई मौसम केंद्रों पर तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर यह अंतर 6.5 डिग्री तक पहुंचा, तो पूर्वी उत्तर प्रदेश में गंभीर हीटवेव की स्थिति बन सकती है।

सोमवार को IMD ने 18 मई से 24 मई तक के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया। यह अलर्ट जम्मू, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए जारी किया गया है।

ये भी पढ़ें: खतरनाक कुत्तों को मौत का इंजेक्शन दें, SC ने आवारा कुत्तों के लिए दिए 9 निर्देश, जानें पूरा मामला?

दिल्ली में 45 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। यहां पहले से ही तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है। IMD का अनुमान है कि 19 से 22 मई के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है और तापमान करीब 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

उत्तर प्रदेश के बांदा में सबसे ज्यादा गर्मी
रविवार को उत्तर प्रदेश के बांदा में सबसे अधिक 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि इस सप्ताह कई इलाकों में दिन का तापमान 3 से 4 डिग्री तक और बढ़ सकता है, जिससे हीटवेव और ज्यादा खतरनाक हो सकती है।

रात में भी नहीं मिलेगी राहत
गर्मी का असर रात में भी कम नहीं हो रहा। राजस्थान और विदर्भ के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 29 से 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है। इससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही और गर्मी से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि लगातार बनी रहने वाली गर्मी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए ज्यादा खतरनाक साबित हो सकती है।

लोगों और किसानों के लिए IMD की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे पर्याप्त पानी पीते रहें, लंबे समय तक धूप में जाने से बचें, सिर को ढककर रखें और हल्के कपड़े पहनें। वहीं किसानों को सब्जियों, मूंग, फलों के पौधों और प्याज की नर्सरी में हल्की लेकिन बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी गई है। साथ ही गन्ना, कपास और चारे वाली फसलों में नमी बनाए रखने को कहा गया है। पोल्ट्री शेड की छतों को घास से ढकने की भी सलाह दी गई है ताकि पशुओं को तेज गर्मी से बचाया जा सके।

मानसून पर भी मंडरा रहा खतरा
भीषण गर्मी के बीच अब मानसून को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। IMD के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून 16 मई को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह पहुंच चुका है और इसके 26 मई तक केरल पहुंचने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर जुलाई के आसपास एल नीनो सक्रिय होता है, तो जून से सितंबर तक चलने वाला मानसून सामान्य से कमजोर रह सकता है। इसका असर बारिश, जल संकट और खेती पर पड़ सकता है। IMD का कहना है कि आने वाले महीनों में देश को एक साथ दो बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है भीषण गर्मी और कमजोर मानसून।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।