– विद्यार्थियों ने दिखाई ज्ञान और जागरूकता, अतिथियों ने बताए लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्व
हनुमानगढ़। डीएवी विद्यालय में पंचायती राज दिवस के अवसर पर “अंतरसदनीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता” का आयोजन उत्साहपूर्ण और ज्ञानवर्धक वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पंचायती राज व्यवस्था से जुड़े विषयों पर अपनी समझ और जानकारी का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को चार सदनों अब्दुल कलाम सदन, भगत सिंह सदन, महात्मा गांधी सदन और सरदार पटेल सदन में विभाजित किया गया। प्रत्येक सदन के प्रतिभागियों ने पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और सभी ने टीम भावना के साथ अपने-अपने सदन का प्रतिनिधित्व किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रियंका कड़वासरा (डिप्टी कमांडेंट, गृह रक्षा विभाग, जिला हनुमानगढ़), रोहित स्वामी (सरपंच, अमरपुरा थेड़ी) और संदीप सिद्धू (सरपंच, सहजीपुरा) उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए पंचायत राज व्यवस्था के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंचायती राज प्रणाली लोकतंत्र की नींव है, जो ग्रामीण स्तर पर जनभागीदारी को सशक्त बनाती है और स्थानीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम का संचालन मैडम पूनम और मैडम सविता द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गान से हुई, जिसने पूरे माहौल को उल्लासमय बना दिया। इसके बाद प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विभिन्न राउंड आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने तेज़ी और सटीकता के साथ उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































