-भक्तिभाव से हुआ कन्याओं का पूजन, श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद
हनुमानगढ़। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जंक्शन स्थित श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में आज विशेष रूप से कंजक पूजन का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण मंत्रोच्चारण, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों से गुंजायमान रहा। यह आयोजन श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक विधि-विधान के साथ हुई, जिसमें आचार्य पंडित धर्मेन्द्र शास्त्री एवं अन्य विद्वान ब्राह्मणों के सानिध्य में पूजन सम्पन्न करवाया गया। इसके पश्चात कंजक पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका विधिवत पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं के चरण धोकर उन्हें चुनरी ओढ़ाई, तिलक लगाया और प्रसाद के रूप में भोजन एवं उपहार भेंट किए।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष अश्विनी नारंग, उपाध्यक्ष रामचन्द्र बाघला, सचिव चिमन मित्तल, विजय भूतना, महावीर शर्मा, सुरेश गुप्ता जेके, महेश लकेसर, सहित अन्य यजमानों ने भी श्रद्धापूर्वक कन्याओं की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा। कन्या पूजन के साथ-साथ हवन यज्ञ एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम भी जारी रहा। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रों के बीच आहुतियां देकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की। वेद मंत्रों की गूंज से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































