हनुमानगढ़ । वृक्षमित्र एवं मानव सेवा संस्थान, गोलूवाला के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं पॉलीथिन मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “वृक्षमित्र थैला जागृति अभियान” का शुभारंभ जिला मुख्यालय स्थित सभागार में बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया।
इस अभियान का शुभारंभ जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं उपखण्ड अधिकारी श्री मांगीलाल जी के कर-कमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कपड़े के थैलों का वितरण किया गया तथा पॉलीथिन के दुष्प्रभावों से आमजन को अवगत कराया गया।
इस अवसर पर संस्थान अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सुथार ने संस्थान के स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए संस्थान के मूल उद्देश्यों, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, पक्षी संरक्षण एवं सामाजिक सेवा गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बढ़ता हुआ पॉलीथिन उपयोग पर्यावरण, पशु-पक्षियों एवं मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को कपड़े के थैले अपनाकर पॉलीथिन मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं उपखण्ड अधिकारी श्री मांगीलाल जी ने संस्थान द्वारा पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, पक्षी संरक्षण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने “वृक्षमित्र थैला जागृति अभियान” को एक अत्यंत सराहनीय, प्रेरणादायी एवं जनहितकारी पहल बताते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने संस्थान की पर्यावरण एवं समाजहित में की जा रही गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए सभी नागरिकों से कपड़े के थैले अपनाने तथा पॉलीथिन का उपयोग बंद करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित वृक्षमित्र टीम के जगतार सिंह,मनोज देपावत,मदन ठाकुर, नरेश सिहाग,राजविंदर सिंह, सुमेर डाबला,संजय छींपा, शिवकुमार, प्रेम वर्मा, दीपराम, चंद्र प्रकाश,जयंत, रामखिलाड़ी बैरवाँ, अमित,राकेश,मनेंद्र सिंह,ने पर्यावरण संरक्षण एवं पॉलीथिन मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। अंत में संस्थान सरंक्षक बृजलाल छींपा ने सभी सम्माननीय अधिकारियों, अतिथियों एवं वृक्षमित्र साथियों का हार्दिक स्वागत, अभिनंदन एवं कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































