यातायात नियमों की पालना को बढ़ावा देने के लिए हेलमेट वितरण अभियान

22

– एसके फाइनेंस के सहयोग से 50 जरूरतमंद दुपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित
हनुमानगढ़। 
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस थाना हनुमानगढ़ द्वारा लगातार चलाए जा रहे हेलमेट वितरण अभियान के तहत शुक्रवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एसके फाइनेंस के सहयोग से 50 जरूरतमंद दुपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा रहे। उनके साथ पुलिस उपाधीक्षक मीनाक्षी सहारण, यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा, एस. के. फाइनेंस लिमिटेड रीजनल मैनेजर अमित नागपाल, वरुण शर्मा, दीपेन्द्र सिंह शेखावत ने संयुक्त रूप से लाभार्थियों को हेलमेट वितरित किए। इस अवसर पर अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश दिया।
जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मौतों का प्रमुख कारण हेलमेट का उपयोग नहीं करना है। हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं बल्कि जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण उपकरण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दुपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट का उपयोग करना चाहिए। यातायात नियमों की पालना से न केवल स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित होती है बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी बनी रहती है।
डीवाईएसपी मीनाक्षी सहारण ने कहा कि पुलिस विभाग का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में जागरूकता पैदा करना भी है। इसी सोच के साथ यातायात पुलिस समय-समय पर विभिन्न जागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे तेज गति, मोबाइल फोन का उपयोग और बिना हेलमेट वाहन चलाने जैसी आदतों से बचें।
यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि हनुमानगढ़ यातायात पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम, स्कूल-कॉलेजों में व्याख्यान, वाहन चालकों को समझाइश तथा हेलमेट वितरण जैसे अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।