दिल का दौरा पड़ने पर जीवन बचाने में सहायक होगी लाइफ सेविंग किट

21

*-महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र ने किया लोकार्पण, सार्वजनिक स्थानों व सरकारी कार्यालयों में होगी निःशुल्क उपलब्ध*
हनुमानगढ़। महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र द्वारा प्रदेश मुख्यालय से प्राप्त लाइफ सेविंग किट का लोकार्पण वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश बाजिया, वीरा केन्द्र की अध्यक्षा कंचन गुप्ता एवं संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने इस पहल को जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों तक इस किट की जानकारी पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ हार्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश बाजिया ने कहा कि हृदयाघात (हार्ट अटैक) के मामलों में शुरुआती कुछ मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। यदि मरीज को समय पर प्राथमिक उपचार मिल जाए तो उसकी जान बचाने की संभावना काफी बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि यह लाइफ सेविंग किट विशेष रूप से आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। ऐसे समय में जब मरीज तत्काल किसी चिकित्सक या अस्पताल तक नहीं पहुंच पाता, तब यह किट प्रारंभिक सहायता प्रदान करने में बेहद उपयोगी साबित हो सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस किट के उपयोग की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर इसका सही तरीके से इस्तेमाल किया जा सके।
वीरा केन्द्र की अध्यक्षा कंचन गुप्ता ने बताया कि प्रदेश मुख्यालय द्वारा भेजी गई इस लाइफ सेविंग किट का उद्देश्य आमजन को आपातकालीन स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रहा है और स्वास्थ्य सेवा भी उसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से इस किट को सार्वजनिक स्थानों, विभिन्न राजकीय कार्यालयों तथा अन्य आवश्यक स्थलों पर निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आपातकालीन स्थिति में अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी जनहित से जुड़े स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, निःशुल्क चिकित्सा शिविर तथा जीवन रक्षक उपायों के प्रति लोगों को जागरूक करने के अभियान चलाती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया और अधिकाधिक स्थानों पर लाइफ सेविंग किट उपलब्ध कराने का संकल्प व्यक्त किया। इस मौके पर अविशी छाबड़ा, मंजू दत्ता, प्रेक्षा बांठिया, कमलेश गुप्ता, श्वेता दत्ता व अन्य सदस्य मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।