पौधारोपण से मनाया गया गौरान्वी का जन्मदिन

144

– मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल जारी
हनुमानगढ़। पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा निरंतर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को एक प्रेरणादायक पहल के तहत महिला थानाधिकारी सविता डाल एवं रविन्द्र कारगवाल ने अपनी पुत्री कुमारी गौरान्वी कारगवाल के जन्मदिवस पर 11 पौधे ट्री गार्ड सहित लगाकर इस दिन को यादगार बनाया। कार्यक्रम के तहत पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने मैन रोड पर लेसुवा, इमली, अमलतास आदि प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इन पौधों को मानव उत्थान सेवा समिति को भेंट स्वरूप समर्पित किया गया, ताकि उनका समुचित देखभाल एवं संरक्षण किया जा सके। इस अवसर पर कुमारी गौरान्वी के दादाजी रामप्रताप कारगवाल एवं दादी शकुंतला देवी ने पौधारोपण कर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनकर पर्यावरण के प्रति अपनी संवेदनशीलता प्रदर्शित की। परिवारजनों ने कहा कि मानव उत्थान सेवा समिति पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जो कार्य कर रही है, वह समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। समिति प्रमुख लाधू सिंह भाटी के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान से अब तक सैकड़ों पौधे लगाए जा चुके हैं, जिनमें से अधिकतर सुरक्षित रूप से वृक्ष बनने की ओर अग्रसर हैं। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य लोक राज शर्मा, विपिन कुमार शर्मा, कलवन्त राय जुनेजा, राजाराम बिश्नोई, रमेश शाक्य, देवी लाल वर्मा एवं लाधू सिंह भाटी विशेष रूप से उपस्थित रहे। लाधू सिंह भाटी ने बताया कि समिति का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षित कर उन्हें छायादार वृक्ष बनाना है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और हरित पर्यावरण मिल सके। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील भी की।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।