हनुमानगढ़ टाउन। श्रीरामलीला समिति (रजि.) हनुमानगढ़ टाउन की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान श्रीराम की लीला का भव्य मंचन किया जाएगा। रामलीला का शुभारंभ 6 अक्टूबर 2026 से होगा तथा 21 अक्टूबर को भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ रामलीला का विधिवत समापन किया जाएगा। रामलीला आयोजन को लेकर शनिवार को श्रीरामलीला रंगमंच पर विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया। इस दौरान समिति पदाधिकारियों, कलाकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने पूजा-अर्चना कर आयोजन के सफल होने की कामना की। भूमि पूजन कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष अर्चित अग्रवाल, संरक्षक बालकृष्ण गोल्याण, सचिव दिनेश तलवाड़िया, डायरेक्टर प्रेमरत्न पारीक,उप-डायरेक्टर बहादुर सिंह व अशोक मिड्ढा, सुंदर बंसल सहित नगर परिषद के वार्ड पार्षद एवं अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सभी अतिथियों एवं कलाकारों ने ध्वजारोहण किया और रामलीला आयोजन की तैयारियों का शुभारंभ किया।
रामलीला समिति के डायरेक्टर प्रेमरत्न पारीक ने बताया कि हनुमानगढ़ टाउन में पिछले 66 वर्षों से श्रीरामलीला समिति द्वारा भगवान श्रीराम की लीला का मंचन किया जा रहा है। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में अनुभवी एवं मंजे हुए कलाकार विभिन्न पात्रों का जीवंत मंचन करते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी रामलीला का मंचन प्रतिदिन रात 8:15 बजे से शुरू होगा। पूरे आयोजन के दौरान भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व टाउन के दशहरा ग्राउंड में पारंपरिक उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा, जबकि 21 अक्टूबर को रामलीला के समापन अवसर पर भगवान श्रीराम का राजतिलक किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































