महाराणा प्रताप जयंती पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन

29
*- 140 यूनिट रक्त संग्रहित, युवाओं ने बढ़-चढ़कर निभाई मानव सेवा की जिम्मेदारी*
हनुमानगढ़। वीर शिरोमणि, हिंदुआ सूर्य एवं राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को हनुमानगढ़ टाउन स्थित श्री करणी राजपूत विश्राम गृह में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की शुरुवात श्री करणी राजपूत सर्वहित कारणी समिति के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह भालेरी,उपाध्यक्ष अजीत सिंह राठौड़,भाजपा के वरिष्ठ नेता भीम सिंह जी राघव ने महाराणा प्रताप के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर की।
समाजसेवी हर्षवर्धन सिंह राघव कमरानी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर में कुल 140 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
 इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य लोगों ने महाराणा प्रताप के जीवन, त्याग, शौर्य और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल राजपूत समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनके आदर्श आज भी युवाओं को देशभक्ति, स्वाभिमान और सेवा भावना की प्रेरणा देते हैं।
रक्तदान शिविर में सुबह से ही युवाओं का उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में युवक शिविर स्थल पर पहुंचे और स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी योगदान दिया। आयोजकों के अनुसार हनुमानगढ़ क्षेत्र में महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने की यह अनूठी पहल रही, जिसे समाज के लोगों ने खूब सराहा।
आयोजक हर्षवर्धन सिंह राघव ने बताया कि रक्तदान महादान है और इसका उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता के साथ युवाओं में सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप जयंती को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि समाज सेवा के कार्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। रक्तदान जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।