मेडिकल कौशल 2026 प्रदर्शनी का आयोजन, विद्यार्थियों ने लिया स्वास्थ्य ज्ञान का अनुभव

79

-‘आज की जागरूकता, सुरक्षित कल’ थीम पर फिजिक्स वाला के छात्रों ने किया शैक्षणिक भ्रमण
हनुमानगढ़। राजकीय मेडिकल कॉलेज हनुमानगढ़ द्वारा “मेडिकल कौशल 2026” प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। इसी क्रम में फिजिक्स वाला के विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और चिकित्सा क्षेत्र की बारीकियों को नजदीक से समझा।
“आज की जागरूकता, सुरक्षित कल” विषय पर आधारित इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, रोगों की रोकथाम, प्राथमिक उपचार, स्वच्छता और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के बारे में व्यवहारिक जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में विभिन्न मॉडल, चार्ट और प्रेजेंटेशन के माध्यम से जटिल विषयों को सरल रूप में प्रस्तुत किया गया, जिससे विद्यार्थियों को समझने में आसानी हुई।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान फिजिक्स वाला के छात्रों ने बड़ी रुचि के साथ प्रत्येक स्टॉल का अवलोकन किया और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी नई-नई जानकारियां हासिल कीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से कई सवाल भी पूछे, जिनका समाधान मौके पर ही किया गया। प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों के मन में चिकित्सा क्षेत्र के प्रति जिज्ञासा और रुचि को और अधिक बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. कीर्ति शेखावत ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके प्रश्नों के उत्तर दिए और उन्हें चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने के लिए समर्पण, अनुशासन और निरंतर अध्ययन आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह और जिज्ञासा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उनके भविष्य निर्माण में सहायक साबित होते हैं।
प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी मिली, बल्कि उन्हें यह भी समझने का अवसर मिला कि एक चिकित्सक बनने के लिए किस प्रकार की पढ़ाई और प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है। इससे भावी चिकित्सकों के रूप में उनकी सोच को दिशा मिली।
इस दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखने लायक था। उन्होंने पूरे आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई और हर जानकारी को ध्यानपूर्वक समझने का प्रयास किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।