-पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत कार्यकर्ताओं को मिला वैचारिक व व्यवहारिक मार्गदर्शन
हनुमानगढ़। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत हनुमानगढ़ जंक्शन देहात मंडल में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन मंगलवार को जंक्शन जाट भवन में समारोहपूर्वक किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और विभिन्न विषयों पर अनुभवी वक्ताओं से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका शुभारंभ भाजपा नेता अमित चौधरी, जिला महामंत्री प्रदीप एरी एवं मंडल अध्यक्ष बलराज सिंह मान ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी गई, जिससे कार्यकर्ताओं को योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिल सके।
शिविर के सातों सत्रों में कार्यकर्ताओं को पार्टी के वैचारिक अधिष्ठान, इतिहास एवं विकास, कार्यपद्धति, संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग तथा सरकार की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति से अवगत कराते हुए उन्हें जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य वक्ताओं के रूप में जिला महामंत्री प्रदीप एरी, दलीप बैनीवाल, मुरलीधर सोनी, बलवीर बिश्नोई, जुगल किशोर गौड़, महेश गुप्ता एवं चरणदास गर्ग ने अपने विचार साझा किए। सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती के लिए अनुशासन, समर्पण और निरंतर सक्रियता को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित संगठन है, जिसमें कार्यकर्ता ही इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं।
इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी अमित चौधरी, आशीष पारीक, कृष्ण तायल, ओम सोनी, मनप्रीत सिंह (चेयरमैन), कृषि उपज मंडी समिति के चेयरमैन प्रेम गोदारा, मंडल अध्यक्ष बलराज सिंह मान, प्रभारी कुलवंत चहल एवं वर्ग प्रभारी संदीप गोदारा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रशिक्षण शिविर को संगठन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं ने सामूहिक भोजन एवं रात्रि प्रवास कर संगठनात्मक एकता और अनुशासन का उत्कृष्ट परिचय दिया। शिविर में मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।
समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को न केवल वैचारिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि उन्हें संगठनात्मक कार्यों में दक्ष भी बनाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण से कार्यकर्ता आगामी समय में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































