आज शाम तक केरलम में दस्तक देगा मानसून, 24 राज्यों में जारी हुआ अलर्ट

99

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार, 5 जून को केरलम (Monsoon kerala) में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही देश में बारिश के मौसम की आधिकारिक शुरुआत हो गई है। इस साल मानसून अपने सामान्य आगमन की तारीख 1 जून की तुलना में करीब चार दिन की देरी से केरलम पहुंचा है। केरलम के अलावा तमिलनाडु और कर्नाटक में कुछ जगहों पर अगले 7 दिन भारी बारिश हो सकती है।

IMD ने इससे पहले कहा था कि केरल और आसपास के क्षेत्रों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं। इसके बाद राज्य के कई हिस्सों में व्यापक बारिश दर्ज की गई। दक्षिण-पश्चिम मानसून भारत की कृषि और अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। देश की बड़ी आबादी खेती पर निर्भर है और खरीफ फसलों की बुवाई काफी हद तक मानसूनी बारिश पर निर्भर करती है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मानसून धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ेगा और कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। हर साल केरल में मानसून की एंट्री को भारत में वर्षा ऋतु की औपचारिक शुरुआत माना जाता है, जिस पर किसानों, मौसम वैज्ञानिकों और बाजारों की खास नजर रहती है।

इधर, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में प्री-मानसून एक्टिविटी जारी हैं। क्यूम्युलोनिम्बस क्लाउड्स यहां 50 से 70kmph की रफ्तार से आंधी-बारिश करवा सकते हैं। क्यूम्युलोनिम्बस क्लाउड या CB क्लाउड (बादल) मौसम के पावरहाउस माने जाते हैं। तेज आंधी, बिजली और गरज वाले तूफान इन्हीं बादलों के कारण बनते हैं। हालांकि, देश के कई राज्यों में अभी भी गर्मी कम नहीं हुई है। गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, तमिलनाडु में तापमान 40°C से ऊपर बना हुआ है।

24 राज्यों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग (IMD) ने ओडिशा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और तेलंगाना समेत 24 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना जताई है। वहीं राजस्थान, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश, ओले गिरने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में भी दो दिन के लिए यलो अलर्ट है।

कल से केरल के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते IMD ने अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों के लिए 3 घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट का मतलब है 11cm से 20cm तक की बहुत भारी बारिश हो सकती है।

देखें वीडियो और चैनल को लाइक जरुर करें

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।