नए सत्र में जरूरतमंद बच्चों को मिली पाठ्य सामग्री

29

– भाजपा नगर मंडल पदाधिकारियों ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय का किया निरीक्षण
हनुमानगढ़।
 नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर जरूरतमंद विद्यार्थियों के चेहरे उस समय खिल उठे, जब राजकीय प्राथमिक विद्यालय, दूधवाल कॉलोनी में उन्हें पाठ्य सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नितिन बंसल, महामंत्री अशोक खिच्ची एवं शक्ति सिंह ने विद्यालय पहुंचकर 20 जरूरतमंद बच्चों को कॉपियां, पेन, पेंसिल, रबर सहित अन्य आवश्यक अध्ययन सामग्री भेंट की। साथ ही विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा शिक्षकों से शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नितिन बंसल ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार है। प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना हम सभी का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा नहीं बनना चाहिए। ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनते हैं और भविष्य में भी जरूरतमंद विद्यार्थियों की हर संभव सहायता की जाएगी।
भाजपा नगर मंडल महामंत्री अशोक खिच्ची ने कहा कि नया शैक्षणिक सत्र बच्चों के जीवन में नई उम्मीद और नए लक्ष्य लेकर आता है। ऐसे समय पर पाठ्य सामग्री उपलब्ध होने से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे पूरी लगन से पढ़ाई कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को भी आगे आकर जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना चाहिए, ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।