-‘सिंधी रत्न’ सम्मान से नवाजे गए महेश, समाज की प्रतिभाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
हनुमानगढ़। पूज्य सिंधी पंचायत सुरेशिया की ओर से रविवार को एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नीट परीक्षा 2025 में पूरे देश में प्रथम रैंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र महेश रोघा का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया गया। हनुमानगढ़ आगमन पर सिंधी समाज के सैकड़ों लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया और गौरवपूर्ण उपलब्धि पर समाज को गौरवान्वित करने के लिए हृदय से बधाई दी।
सिंधी पंचायत सुरेशिया के वरिष्ठ पदाधिकारी धर्मदास सावलानी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महेश रोघा ने न केवल अपने परिवार और समाज का, बल्कि पूरे हनुमानगढ़ जिले और राजस्थान राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। एक छोटे से गांव से निकलकर देश में टॉप करने वाले महेश ने यह साबित कर दिया है कि लगन, परिश्रम और समर्पण से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि महेश अब सिंधी समाज की युवा प्रतिभाओं के लिए एक आदर्श और प्रेरणा बन गए हैं।
समारोह के दौरान महेश रोघा को पारंपरिक पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर “सिंधी रत्न” सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समाज की ओर से उनकी अभूतपूर्व उपलब्धि के प्रतीकस्वरूप प्रदान किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह और गर्व का वातावरण छाया रहा, और समाज के सभी वर्गों ने महेश को सम्मानित करने में भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर सिंधी समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों और युवाओं की उपस्थिति रही। सभी ने एक स्वर में महेश की उपलब्धि की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि महेश जैसे युवाओं की सफलता समाज के लिए नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करती है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































