नवरात्रि पर नौ दिवसीय श्रीराम कथा का हुआ समापन

169
-श्री कल्याण कमल आश्रम में भव्य भंडारे में श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद
हनुमानगढ़। सेक्टर-6 स्थित श्री कल्याण कमल आश्रम में नवरात्रों के पावन अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा का समापन गुरुवार को भव्यता और श्रद्धाभाव के साथ हुआ। समापन अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और प्रभु प्रसाद का लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हरिद्वार से पधारे महामंडलेश्वर स्वामी कमलानंद गिरि जी महाराज के सानिध्य में हुआ। उन्होंने विधिवत ढंग से रामायण जी की पूजा-अर्चना की और भगवान श्रीराम को भोग लगाया। पूजन के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।
समारोह में प्रवचन देते हुए स्वामी कमलानंद गिरि जी महाराज ने भंडारे की महिमा को विस्तार से बताते हुए कहा कि भंडारा केवल भोजन वितरण नहीं है, बल्कि यह सेवा, परोपकार और आत्मीयता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब समाज मिलकर धार्मिक आयोजन करता है तो वहां केवल अन्न ही नहीं बल्कि प्रेम, सद्भाव और एकता भी परोसी जाती है। स्वामी जी ने श्रद्धालुओं को अपने जीवन में धर्म, सेवा और सादगी को अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर आश्रम प्रबंधक भवानी शंकर और राजकुमार भाटिया ने बताया कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए आश्रम परिसर में समय-समय पर धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में धार्मिक जागरण होता है और नई पीढ़ी को अपने संस्कृति व परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
भंडारे में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से प्रसाद ग्रहण किया और श्रीराम कथा के समापन पर भजन-कीर्तन में भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। आयोजन समिति ने उपस्थित सभी भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आश्रम भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य करता रहेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।