– ग्रामीणों ने किया नमन, सरपंच बोले- गंगानगर-हनुमानगढ़ को धान का कटोरा बनाने वाले थे महाराजा
हनुमानगढ़। महाराजा गंगासिंह की जयंती के अवसर पर गुरुवार को ग्राम पंचायत रामसरा नारायण के थेड़ी गंगानी में स्थित महाराजा गंगासिंह चौक पर ग्रामीणों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और पुष्पांजलि देकर महाराजा को नमन किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
गांव के सरपंच हरदीप सिंह रोड़िकपूरा ने कहा कि आज गंगानगर और हनुमानगढ़ जिस पहचान के साथ पूरे देश में धान के कटोरे के नाम से जाने जाते हैं, उसका श्रेय महाराजा गंगासिंह को जाता है। उन्होंने समय रहते नहरों की व्यवस्था कर खेती-किसानी को नई दिशा दी, जिससे इस क्षेत्र की तस्वीर बदल गई। उन्होंने बताया कि महाराजा गंगासिंह का दूरदर्शी नेतृत्व ही था, जिसने रेगिस्तान माने जाने वाले इस इलाके को हरे-भरे खेतों वाली भूमि में बदल दिया।
पूर्व मंडल अध्यक्ष महेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि महाराजा गंगासिंह केवल एक शासक ही नहीं बल्कि किसानों के सच्चे हितैषी भी थे। उनके प्रयासों से न सिर्फ खेती को बल मिला, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी गंगानगर-हनुमानगढ़ ने प्रगति की। राठौड़ ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को महाराजा गंगासिंह के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और उनकी नीतियों को आगे बढ़ाना चाहिए।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि महाराजा गंगासिंह के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर शिशुपाल सिंह, आनंद सिंह राठौड़, अशोक बिका, जितेन्द्र राजावत, पूर्व सरपंच जसवीर सिंह मान, उपसरपंच रघुवीर ओढ़, पूर्व सरपंच नौरग चांवरिया, हरबंस सिंह, शिशपाल टाक, उदयभान सिंह, शक्ति सिंह राठौड़, किशन सिंह सिसोदिया, ओम ब्रह्मा, रूद्र प्रताप सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































