एनएसयूआई ने हनुमानगढ़ में किया पुतला फूंक प्रदर्शन

138

-प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ व साथियों की रिहाई की मांग, आरएसएस-बीजेपी पर पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप
हनुमानगढ़। सोमवार को हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) की ओर से जिलाध्यक्ष रोहित जावा के नेतृत्व में जोरदार पुतला फूंक प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन राजस्थान विश्वविद्यालय में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम के विरोध और एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ तथा उनके साथियों की गिरफ्तारी के खिलाफ किया गया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जिला कलक्ट्रेट परिसर के बाहर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष रोहित जावा ने कहा कि राजस्थान विश्वविद्यालय में 30 सितंबर को शस्त्र पूजन का कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की गई थी, जो शिक्षा संस्थानों की मूल भावना के विपरीत है। विश्वविद्यालय ज्ञान, अध्ययन और शोध का केंद्र है, न कि धार्मिक या राजनीतिक विचारधारा का प्रचार स्थल। एनएसयूआई ने इसका शांतिपूर्ण विरोध किया था, लेकिन आरएसएस और बीजेपी के दबाव में आकर राजस्थान पुलिस ने एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित कई छात्रों पर बेबुनियाद और संगीन धाराएं लगाकर उन्हें सेंट्रल जेल में बंद कर दिया।
जावा ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। छात्रों की आवाज को दबाने का यह प्रयास असंवैधानिक है और सरकार की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गिरफ्तार नेताओं और कार्यकर्ताओं को शीघ्र रिहा नहीं किया गया, तो पूरे प्रदेश में एनएसयूआई आंदोलन को और तेज करेगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।