मातृ दिवस पर जच्चा-बच्चा वार्ड में माताओं को बांटी चाय व फल

25

-महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र ने शुरू किया ‘परिण्डा लगाओ महाअभियान’, विनय वाटिका में लगाए 100 परिण्डे
हनुमानगढ़। 
मातृ दिवस के अवसर पर सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र द्वारा रविवार को विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत टाउन स्थित राजकीय चिकित्सालय के जच्चा-बच्चा वार्ड में भर्ती माताओं को गर्म चाय एवं फलों का वितरण किया गया। विशेष बात यह रही कि प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान को बढ़ावा देते हुए चाय का वितरण मिट्टी से बने कुल्लड़ों में किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र की अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने बताया कि केन्द्र की महिलाओं द्वारा प्रत्येक रविवार को सेवा कार्यों का आयोजन किया जाता है। मातृ दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य मातृत्व का सम्मान करना, अस्पताल में भर्ती महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता प्रकट करना तथा समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि संस्था सदैव सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देती रही है और आगे भी इसी प्रकार जनसेवा के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में मौजूद महिलाओं को फल वितरित कर उनके स्वास्थ्य की कुशलक्षेम भी पूछी गई। इस अवसर पर चिकित्सालय स्टाफ ने भी संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी पहल बताया।
इसके पश्चात महावीर इंटरनेशनल द्वारा वीरा केन्द्र के सहयोग से “परिण्डा लगाओ महाअभियान” की शुरुआत की गई। अभियान के प्रथम चरण में हनुमानगढ़ जंक्शन के सेक्टर-9 स्थित विनय वाटिका में 100 परिण्डे लगाए गए। भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।