-सीटू की लोडिंग-अनलोडिंग मजदूर यूनियन ने कार्यालय में किया नवनिर्वाचित पार्षद का स्वागत, संघर्ष के दिनों को किया याद
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में माकपा के नवनिर्वाचित पार्षद गुरनायब सिंह का गुरुवार को लोडिंग-अनलोडिंग मजदूर यूनियन सीटू की ओर से यूनियन कार्यालय में स्वागत किया गया। लंबे समय तक मजदूरों के हितों के लिए संघर्ष करने वाले गुरनायब सिंह के पार्षद निर्वाचित होने पर मजदूरों में खासा उत्साह देखने को मिला। यूनियन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत कर उम्मीद जताई कि वे नगर परिषद में मजदूरों, मेहनतकशों और आमजन की आवाज मजबूती से उठाएंगे।
ज्ञात रहे कि गुरनायब सिंह लंबे समय तक लोडिंग-अनलोडिंग मजदूर यूनियन के अध्यक्ष पद पर कार्य कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने मजदूरों की समस्याओं, अधिकारों और हितों को लेकर संघर्ष किया। मजदूरों के बीच उनकी सक्रियता और लंबे समय तक संगठन में निभाई गई भूमिका के चलते उनके पार्षद बनने को मजदूर वर्ग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यूनियन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने कहा कि गुरनायब सिंह ने मजदूरों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझा है और अब नगर परिषद में उन्हें उठाने का अवसर मिला है।
लोडिंग-अनलोडिंग मजदूर यूनियन सीटू के अध्यक्ष रिछपाल सिंह राठौड़ और सचिव दारा सिंह के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने गुरनायब सिंह का अभिनंदन किया। इस दौरान मजदूरों ने उनसे उम्मीद जताई कि वे अपने पार्षद कार्यकाल में श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































