बंगाल में आज मोदी की रैली, जानिए कैसी है विरोधियों की तैयारी

0
343

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के यूपी दौरे के बाद सोमवार को ममता बनर्जी के गढ़ पश्चिम बंगाल जा रहे हैं। वह यहां मेदिनीपुर जिले में जनसभा करेंगे। बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में मोदी की यह पहली रैली है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पिछले महीने स्थानीय नेताओं को राज्य की 42 लोकसभा सीटों में से 22 पर जीत का लक्ष्य दिया था।

मोदी ने शनिवार को आजमगढ़ रैली में कांग्रेस को मुस्लिमों की पार्टी कहा था। एक दिन बाद भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि इसी साल राम मंदिर निर्माण शुरू हो जाएगा। वहीं, भाजपा की कर्नाटक से सांसद शोभा कारंदलाजे ने ट्वीट कर लिखा है कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ स्टेट वेस्ट बंगाल में स्वागत है। शोवन मंडल को हेडमास्टर ने सिर्फ जय श्री राम कहने पर बुरी तरह पीट दिया।

मोदी राज्य में करेंगे 5 रैली
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष का कहना है कि इस साल मोदी राज्य में 5 और रैलियों को संबोधित करेंगे। समर्थन मूल्य बढ़ाने पर मोदी का अभिनंदन करने के लिए ये रैली हो रही है। अमित शाह अगस्त के पहले सप्ताह में एक बार फिर बंगाल के दो-दिवसीय दौरे पर आ सकते हैं। वह पिछले महीने भी बंगाल गए थे। सुरेश प्रभु, पीयूष गोयल समेत कई केंद्रीय मंत्री भी लगातार राज्य के दौरे कर रहे हैं।

भाजपा का बंगाल में बढ़ा है जनाधार, दूसरे नंबर की पार्टी बनी
2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को बंगाल में 16.80% वोट और दो सीटें मिलीं थीं। इसके बाद से भाजपा को राज्य में विस्तार की संभावनाएं दिखी हैं। इसकी झलक उपचुनावों में भी दिखी है। उलुबेरिया लोकसभा उपचुनाव में भाजपा को 23.29% वोट मिला था। 2014 में यहां उसे 11.5% वोट मिले थे। नोआपाड़ा विस में 2016 में जहां भाजपा को 13% वोट मिले थे, यहां उपचुनाव में 20.7% वोट मिले हैं। वहीं, लेफ्ट और कांग्रेस के वोट प्रतिशत में कमी आई है। कोंतई विस उप-चुनावों में भाजपा 30% वोट के साथ दूसरे स्थान पर रही थी।

टीएमसी नेता भी करेंगे रैली
टीएमसी महासचिव सुब्रत बख्शी ने मोदी के दौरे से पहले पूरे मेदिनीपुर शहर को ममता बनर्जी के पोस्टरों और कटआउटों से ढकवा दिया है। इससे पहले तृणमूल कांग्रेस ने अमित शाह के बीरभूम दौरे के समय भी यही रणनीति अपनाई थी। टीएमसी ने शहर और आसपास के इलाकों में मोदी के रैली के दिन पार्टी नेताओं की रैली करने की भी योजना बनाई है, ताकि मोदी की रैली में पहुंचने वाली भीड़ को कम कर सके।

रूचि के अनुसार खबरें पढ़ने के लिए यहां किल्क कीजिए

ताजा अपडेट के लिए लिए आप हमारे फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल को फॉलो कर सकते हैं