– ग्रामीणों ने जनसुनवाई में फैक्ट्री बंद करने की मांग की
हनुमानगढ़। भादरा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत शेरड़ा के अधीन गांव मेहरिया के दर्जनों ग्रामीणों ने गुरुवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए गांव में संचालित टायर जलाने की अवैध फैक्ट्री को बंद करवाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस फैक्ट्री से निकलने वाला विषैला धुआं पूरे क्षेत्र के पर्यावरण को जहरीला बना रहा है, जिससे आमजन खासकर बच्चे, बुजुर्ग और सांस के रोगी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार गांव मेहरिया में गवड़ रोड पर आबादी क्षेत्र के पास हरियाणा से आए कुछ लोगों द्वारा पुराने टायर जलाकर उसमें से तेल निकालने का कार्य किया जा रहा है। यह प्रक्रिया पूरी तरह से अवैज्ञानिक और पर्यावरण के लिए अत्यंत घातक है। टायर जलने से उठने वाला धुआं वातावरण को इस कदर प्रदूषित कर रहा है कि आसपास के घरों में रहना दूभर हो गया है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि टायर जलाने की इस प्रक्रिया के कारण क्षेत्र में दमा, खांसी, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायतें आम हो गई हैं। बच्चों और बुजुर्गों की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक है। जहरीले धुएं के कारण कुछ लोगों को लगातार अस्पताल तक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस फैक्ट्री के खिलाफ पूर्व में भी भादरा उपखण्ड अधिकारी को शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा असंतोष है। अब मजबूर होकर ग्रामीणों को जिला कलेक्टर के समक्ष अपनी पीड़ा लेकर आना पड़ा है। उन्होंने यह भी मांग की कि इस फैक्ट्री को तुरंत बंद करवाया जाए या आबादी क्षेत्र से दूर स्थानांतरित किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दिया, तो वे व्यापक जन आंदोलन शुरू करेंगे।गांव मेहरिया में टायर जलाने से फैला जहर
– ग्रामीणों ने जनसुनवाई में फैक्ट्री बंद करने की मांग की
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































