-गांधी नगर में 22-23 मई को होगा दो दिवसीय भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ा
हनुमानगढ़। श्री खाटू श्याम सेवा समिति गांधी नगर द्वारा आयोजित होने वाले “एक शाम सेठ सांवरे के नाम” तृतीय श्याम वंदना महोत्सव के तहत बुधवार को प्रचार रथ को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ रवाना किया गया। प्रचार रथ को पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ बब्बी, सोनू मीणा, श्री खाटू श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष संजय गुरवाणी सहित अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर शहर भ्रमण के लिए रवाना किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्री श्याम के जयकारों के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
समिति सदस्यों ने बताया कि 22 व 23 मई 2026 को गांधी नगर स्थित झूलेलाल मंदिर परिसर में दो दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। प्रचार रथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर श्रद्धालुओं को महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण देगा। रथ के माध्यम से कार्यक्रम की जानकारी देने के साथ-साथ धार्मिक संदेश भी प्रसारित किए जा रहे हैं।
समिति के अनुसार महोत्सव के पहले दिन 22 मई को शाम 5:15 बजे झूलेलाल मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें आकर्षक झांकियां, भजन मंडलियां और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। शोभायात्रा गांधी नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आयोजन स्थल पहुंचेगी।
वहीं 23 मई को प्रातः 9:15 बजे ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके पश्चात रात्रि 8:15 बजे विशेष पूजन एवं 10:15 बजे से विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जो प्रभु इच्छा तक चलेगी। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक खाटू श्याम जी के भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।
महोत्सव के दौरान श्री श्याम दरबार की भव्य सजावट, अलौकिक श्रृंगार, अखंड ज्योति और प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्थाएं रहेंगी। श्रद्धालुओं के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटी, एलईडी टीवी सहित आकर्षक उपहार भी रखे गए हैं। इस मौके पर संजय गुरवाणी, मनोज चोथवानी, मोहित अठवाल, गौरव कृपलानी, घनश्याम बिहानी, गौरव, हन्नी, नोनी, भावेश, नमन, दिनेश चोथवाणी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। समिति पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































