बिजली घर मजदूर यूनियन (इंटक) शाखा हनुमानगढ़ का “कार्यकर्ता संवाद” संपन्न

35

– 16 जून को होगा इंटक जिला सम्मेलन
हनुमानगढ़।  
बिजलीघर मजदूर यूनियन (इंटक) शाखा हनुमानगढ़ द्वारा आयोजित “कार्यकर्ता संवाद” कार्यक्रम राजस्थान इंटक के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रांतीय विद्युत मंडल मजदूर फेडरेशन इंटक के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में तकनीकी कर्मचारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यकर्ता संवाद को संबोधित करते हुए श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक बैठक नहीं बल्कि मजदूर एकता, कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा एवं संगठन की मजबूती का संकल्प है। उन्होंने कहा कि इंटक संगठन हमेशा कर्मचारियों की आवाज बनकर खड़ा रहा है और आगे भी कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहेगा। संगठन की वास्तविक ताकत उसके कार्यकर्ताओं से बनती है और जब कार्यकर्ता मजबूत होंगे तभी संगठन मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि सभी कर्मचारी जाति, क्षेत्र, पद एवं ठेकेदारी जैसे भेदभाव से ऊपर उठकर मजदूर एकता को मजबूत करें। इतिहास गवाह है कि जब-जब मजदूर एकजुट हुआ है तब-तब बड़े से बड़ा अन्याय झुकने को मजबूर हुआ है। उन्होंने हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर में निजीकरण रोकने, तकनीकी कर्मचारियों के साथ न्याय करने तथा कर्मचारियों के सम्मान एवं अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
शर्मा ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन को मजबूत करना होगा तथा लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखना होगा।
बैठक को संबोधित करते हुए श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिला प्रभारी लालचन्द मेहरड़ा ने एफआरटी टीम में हो रहे भ्रष्टाचार को समाप्त करने, निगम के आदेशों के अनुरूप जहां कार्मिक नहीं हैं वहां से एफआरटी आदेश निरस्त करने, कार्यालयों में बैठे तकनीकी कर्मचारियों को उनके मूल कार्य पर लगाने तथा संविदा पर संचालित सब स्टेशनों पर योग्य कार्मिकों की नियुक्ति करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि तकनीकी कर्मचारियों से निगम नियमों के अनुरूप ही कार्य लिया जाए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।