ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में आरसेटी की पहल सराहनीय

58

*- जूनियर ब्यूटी प्रेक्टिशनर प्रशिक्षण सम्पन्न, 28 प्रतिभागियों को दिए प्रमाण पत्र*
हनुमानगढ़। ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार के अधीन संचालित एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हनुमानगढ़ द्वारा आयोजित जूनियर ब्यूटी प्रेक्टिशनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह सोमवार को उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 28 प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि एसबीआई के सेवानिवृत्त मुख्य प्रबंधक बलविंदर सिंह तथा एफएलसीसी वीरेंद्र भारद्वाज रहे, जबकि अध्यक्षता संस्थान के निदेशक बिधु शंकर ने की।
समारोह को संबोधित करते हुए बलविंदर सिंह ने कहा कि आरसेटी द्वारा ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को दिया जा रहा कौशल प्रशिक्षण आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और ब्यूटी एवं वेलनेस सेक्टर में रोजगार एवं स्वरोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। यदि महिलाएं आत्मविश्वास और कौशल के साथ आगे बढ़ें तो वे अपने परिवार के साथ समाज को भी आर्थिक रूप से मजबूत बना सकती हैं।
उन्होंने प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों को व्यवहार में लाकर स्वरोजगार शुरू करें और अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आज के समय में छोटे स्तर से शुरू किया गया व्यवसाय भी मेहनत और लगन से बड़ी सफलता दिला सकता है।
संस्थान के निदेशक बिधु शंकर ने कहा कि आरसेटी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि किसी भी व्यवसाय में सफलता के लिए ग्राहकों के साथ मधुर व्यवहार और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। संतुष्ट ग्राहक ही व्यवसाय का सबसे बड़ा प्रचारक होता है। उन्होंने महिलाओं से समाज सेवा और आत्मनिर्भरता को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर रजनी शर्मा ने प्रतिभागियों को 35 दिनों तक निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान मेकअप, हेयर स्टाइलिंग, स्किन केयर और ब्यूटी थेरेपी से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण अवधि में निःशुल्क भोजन और आवास की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर संस्था के अनुदेशक मुकेश भानुशाली, अनिल राठौड़, कार्यालय सहायक गणेशराम, रितिक अरोड़ा, सूरज कुमार और विकास कुमार सहित अन्य मौजूद रहे। अंत में निदेशक बिधु शंकर ने ग्रामीण महिलाओं से आरसेटी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।