गायत्री परिवार की जिला गोष्ठी में सेवा, समर्पण और संगठन पर हुआ मंथन

295

-हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित तिलक सर्किल पर आवंटित भूमि का पट्टा जारी कराने को लेकर बनी सर्वसम्मति, कार्यकर्ताओं ने दिया सहयोग
हनुमानगढ़। 
अखिल विश्व गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं की जिला स्तरीय गोष्ठी मंगलवार को कोहला में आयोजित की गई। यह बैठक जिला संयोजक श्री हरिराम सुथार की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें भादरा, टिब्बी, रावतसर, पीलीबंगा, टाउन और जंक्शन क्षेत्र के अनेक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गोष्ठी का संचालन एवं कार्यवाही लेखन का दायित्व उपजोन चूरू से श्री बालदान चारण ने निभाया।
बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं सेवा कार्यों पर चर्चा की गई। विशेष रूप से हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित तिलक सर्किल पर नगर परिषद द्वारा गायत्री परिवार को आवंटित 140×90 वर्गफीट भूमि से संबंधित विषय प्रमुख रहा। इस भूमि के डिमांड नोटिस की राशि ₹5,13,427 जमा कराने और पट्टा जारी करवाने हेतु उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया।
गोष्ठी में यह तय किया गया कि राशि के भुगतान के लिए सहयोग अभियान तुरंत प्रारंभ किया जाए। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं द्वारा लगभग ₹4 लाख की राशि का सहयोग स्थल पर ही प्रदान किया गया। शेष राशि शीघ्र एकत्रित करने के लिए समिति का गठन किया गया।
श्री महावीर बेनीवाल को इस कार्य के लिए सह-संयोजक नियुक्त किया गया, जो कार्यालय के कागजातों की पूर्ति और पट्टा प्रक्रिया की देखरेख करेंगे। वहीं श्री ओमसिंह बिजारणियां, जयनारायण कौशिक और मूलचंद शर्मा को सहयोग राशि एकत्र करने का दायित्व सौंपा गया, जिन्होंने बैठक समाप्त होते ही कार्य आरंभ कर दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।