पंचमुखी बालाजी मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा जारी, भक्ति और श्रद्धा का उमड़ा सैलाब

251

हनुमानगढ़। शहर के सेक्टर नंबर 3 स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ जारी है। धार्मिक वातावरण से ओतप्रोत इस आयोजन में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु भाग ले रहे हैं और भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
शनिवार को कथा की शुरुआत मुख्य यजमान बालकृष्ण अग्रवाल तथा मंदिर समिति के अध्यक्ष शंकरलाल गुप्ता द्वारा विधिवत भागवत जी की पूजा-अर्चना के साथ की गई। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद जैसे ही कथा प्रारंभ हुई, श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। कथा वाचक परम श्रद्धेय पंडित प्रकाशानंद महाराज (श्रीधाम वृंदावन, मथुरा) ने श्रीकृष्ण जन्म की झांकी सहित कथा का मार्मिक और प्रभावशाली वाचन किया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए। पंडित प्रकाशानंद महाराज ने श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग को ह्रदय स्पर्शी शैली में प्रस्तुत करते हुए बताया कि जब-जब धर्म की हानि होती है और अधर्म बढ़ता है, तब भगवान श्रीकृष्ण जैसे अवतार इस धरती पर जन्म लेते हैं। कथा में देवकी-वासुदेव की भक्ति, कारावास का दृश्य और श्रीकृष्ण की गोकुल यात्रा का भावनात्मक चित्रण किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं की आंखों में श्रद्धा के आंसू ला दिए। मंदिर समिति के अध्यक्ष शंकरलाल गुप्ता ने जानकारी दी कि यह भागवत कथा 8 जुलाई से आरंभ होकर 14 जुलाई तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित की जा रही है। कथा का समापन 15 जुलाई को प्रातः 9 बजे भव्य हवन, पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा। कथा आयोजन की व्यवस्थाओं में श्रीनिवास मित्तल, ललित जैन, अरुण अग्रवाल, कृष्ण कासनिया, रवि जांगिड़, अजय जांगिड़, मनोहर कोचर, अशोक अग्रवाल, पुरुषोत्तम शर्मा, रतन मित्तल, गोवर्धन पारवानी, शुभम कासनिया सहित अनेक श्रद्धालुजन सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर कथा श्रवण करने और अधिक से अधिक धर्म लाभ लेने का आग्रह किया गया है।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।