सीजफायर की घोषणा के बाद Stock Market में आयी तूफानी तेजी, जानिए कौनसे हैं टॉप परफॉर्मर शेयर्स

156

अमेरिका की तरह से सीजफायर की घोषणा के बाद आज बुधवार सुबह शेयर बाजार (Stock Market) की तूफानी तेजी जारी है। अबतक के अनुमान के मुताबिक, शेयर बाजार में आज आईइस जबरदस्त तेजी से निवेशकों की संपत्ति में लगभग 15 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स 3000 अंक (3.95%) चढ़कर 77,600 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी भी 9000 अंक (3.80%) ऊपर है, ये 24,000 पर पहुंच गया है।

आज ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग शेयरों में ज्यादा खरीदारी है। निफ्टी का ऑटो और रियल्टी इंडेक्स करीब 5% ऊपर है। सरकारी बैंकों के इंडेक्स और मेटल इंडेक्स में भी 3% से ज्यादा तेजी है। FMCG और ऑयल एंड गैस इंडेक्स 2% से ज्यादा ऊपर कारोबार कर रहे हैं।

2 हफ्ते का सीजफायर के बाद शेयर बाजार में रौनक
अमेरिका और ईरान के बीच 40 दिन से जारी जंग पर 2 हफ्ते के लिए ब्रेक लग गया है। दोनों देशों ने पाकिस्तान-चीन की मध्यस्थता के बाद इस सीजफायर पर सहमति जताई है। समझौते के तहत अमेरिका, इजराइल और ईरान एक-दूसरे पर हमले रोकेंगे, साथ ही ईरानी सेना की मदद से होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जाएगी। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को तबाह करने की चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर होर्मुज स्ट्रेट से रास्ता नहीं मिला तो वह ईरान की पूरी सभ्यता खत्म कर देंगे।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

एशियाई बाजार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर किए जाने वाले हमलों को दो हफ्तों के लिए टालने पर सहमत होने और इससे कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के बाद आज एशियाई बाजारों में जबरदस्त रौनक देखी जा रही है। जापान के निक्केई 225 में  1.79 परसेंट का उछाल देखा गया, जबकि टॉपिक्स में 1.69 परसेंट की बढ़त दर्ज की गई। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में भी 5.99 परसेंट और स्मॉल-कैप कोस्डैक में लगभग 5 परसेंट की तेजी आई।

वॉल स्ट्रीट
कच्चे तेल में भारी गिरावट के बाद अमेरिकी शेयर वायदा (Futures) में उछाल आया। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज फ्यूचर्स में 967 अंक या 2.1 परसेंट की शानदार बढ़त देखी गई। S&P 500 फ्यूचर्स में 2.1 परसेंट का उछाल दर्ज किया और Nasdaq 100 फ्यूचर्स 2.3 परसेंट ऊपर चढ़कर ट्रेड कर रहा है।

क्रूड ऑयल की कीमत
वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड वायदा 14 परसेंट गिरकर 97.49 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जो 100 डॉलर के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे है। इसका मतलब है कि बाजार को अब युद्ध की तत्काल आशंका नहीं है। ब्रेंट क्रूड वायदा आज सुबह 13 परसेंट गिरकर 95.63 डॉलर पर आ गया। COMEX पर क्रूड की कीमतों में 13.33 परसेंट की गिरावट आई है और यह 97.890 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है।

रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रेपो रेट को 5.25 परसेंट पर स्थिर रखा है। यह बाजार की उम्मीदों के मुताबिक है। इससे बैंकिंग और होम लोन के सेक्टर में निवेशकों का सेंटिमेंट EMI न बढ़ने की वजह से पॉजिटिव बना हुआ है। शेयर बाजार में आज आई तेजी की यह भी एक वजह है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।