नशा मुक्त हनुमानगढ़ अभियान के तहत विद्यार्थियों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

24

– राष्ट्रीय युवक परिषद ने कार्यशाला आयोजित कर बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक
हनुमानगढ़। 
नशा मुक्त हनुमानगढ़ अभियान के तहत राष्ट्रीय युवक परिषद हनुमानगढ़ की ओर से जंक्शन सेक्टर 12 स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाना रहा।
कार्यशाला में राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है। इसकी चपेट में आने से युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दें।
प्रवीण जैन ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और यदि युवा वर्ग नशे जैसी बुराई से दूर रहेगा तो समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा अपने समय का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को केवल किसी एक संस्था या संगठन तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।
राष्ट्रीय युवक परिषद के प्रचार सचिव विनोद प्रजापत, सुनील कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार को प्रभावित करता है। नशे की लत के कारण व्यक्ति आर्थिक, सामाजिक और मानसिक परेशानियों का सामना करता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में शुरू से ही नशे के प्रति जागरूकता पैदा करना बेहद जरूरी है, ताकि वे भविष्य में किसी भी प्रकार के नशे के प्रलोभन से बच सकें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।