यूनियन तोड़ने के विरोध में टेलीकॉम ठेका कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार

15
-सुधीर बिश्नोई को वापस काम पर लेने, वेतन बढ़ाने व पेट्रोल खर्च बढ़ाने की मांग
हनुमानगढ़। राजस्थान टेलीकॉम ठेका कर्मचारी मजदूर यूनियन (सीटू) से जुड़े मोबाइल टावर तकनीकी कर्मचारियों ने यूनियन को तोड़ने के कथित प्रयास और तकनीशियन सुधीर बिश्नोई को कार्य से हटाने के विरोध में आक्रोश जताया। यूनियन ने श्रम कल्याण एवं समझौता अधिकारी को ज्ञापन भेजकर मामले में हस्तक्षेप करने तथा कंपनी अधिकारियों से वार्ता कर कर्मचारियों की मांगों का समाधान करवाने की मांग की है। मांगों पर सुनवाई नहीं होने पर यूनियन ने बीकानेर संभाग में कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
यूनियन के अनुसार मोबाइल टावरों पर कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों को महज 10,500 रुपए मासिक मजदूरी दी जा रही है। कर्मचारियों के जिम्मे 20 से 25 टावर तक रहते हैं और टावरों के बीच आवागमन के लिए वे अपनी मोटरसाइकिल का उपयोग करते हैं। इसके बावजूद मोटरसाइकिल के रखरखाव का कोई भुगतान नहीं किया जाता। पेट्रोल खर्च के नाम पर प्रति टावर मात्र 300 रुपए प्रतिमाह दिए जाते हैं। कर्मचारियों ने इसे वर्तमान परिस्थितियों में अपर्याप्त बताते हुए पेट्रोल खर्च बढ़ाकर 1500 रुपए प्रति टावर प्रतिमाह करने की मांग की है।
यूनियन ने आरोप लगाया कि 8 सितंबर को कालीबंगा टावर पर तकनीशियन सुधीर बिश्नोई से बिना किसी जांच और स्पष्ट कारण के टावर की चाबी ले ली गई। यूनियन का आरोप है कि उन्हें यूनियन छोड़ने के लिए दबाव दिया गया और यूनियन नहीं छोड़ने पर मौखिक रूप से कंपनी से कार्यमुक्त कर दिया गया। यूनियन ने इसे अनफेयर लेबर प्रैक्टिस बताते हुए सुधीर बिश्नोई को तत्काल कार्य पर लेने की मांग की है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।