-नव पदस्थापित आयुक्त हेमाराम का अभिनंदन, जनहित व शहर विकास में बेहतर समन्वय का दिया भरोसा
हनुमानगढ़। अग्रवाल समाज समिति हनुमानगढ़ की ओर से नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव के स्थानांतरण पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समिति ने उनके कार्यकाल के दौरान समाज हित एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों में दिए गए उल्लेखनीय सहयोग के लिए उनका सम्मान किया। वहीं नव पदस्थापित नगर परिषद आयुक्त हेमाराम का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष इंजी. सुभाष बंसल ने की।
अध्यक्षीय उद्बोधन में इंजी. सुभाष बंसल ने कहा कि आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव ने अपने कार्यकाल में प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ किया। उन्होंने सामाजिक संगठनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों में सकारात्मक सहयोग प्रदान किया। उनकी कार्यशैली और व्यवहार ने समाज के लोगों के बीच विशेष पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि कर्मठ एवं संवेदनशील अधिकारी अपने कार्यों के माध्यम से लोगों के दिलों में लंबे समय तक याद रहते हैं।
सम्मान समारोह के दौरान सुरेंद्र सिंह यादव ने अग्रवाल समाज समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हनुमानगढ़ में कार्यकाल के दौरान उन्हें समाज के लोगों से जो स्नेह, सम्मान एवं सहयोग मिला, वह उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन और सामाजिक संगठनों के बीच आपसी सहयोग एवं समन्वय से ही जनहित और विकास कार्यों को प्रभावी गति दी जा सकती है। अग्रवाल समाज समिति ने विभिन्न जनहितकारी कार्यों में सदैव सकारात्मक भूमिका निभाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समिति भविष्य में भी सेवा एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में इसी तरह सक्रिय रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































