-छात्र-छात्राओं को नियमों की जानकारी, नशा मुक्ति व मददगार बनने का दिया संदेश
हनुमानगढ़। शुक्रवार को जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर के निर्देशानुसार यातायात जागरूकता अभियान के तहत श्री पीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मैहरवाला के प्रांगण में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
यातायात थानाधिकारी अनिल चिन्दा ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों को विभिन्न पोस्टरों के माध्यम से यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क संकेतों का सम्मान करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों के बारे में बताया गया। साथ ही विद्यार्थियों को इन नियमों का स्वयं पालन करने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर नशे के दुष्प्रभावों पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। यातायात थानाधिकारी अनिल चिन्दा ने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए कितना घातक है। विद्यार्थियों को यह भी प्रेरित किया गया कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे का अवैध व्यापार करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस विभाग को दें, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।
कार्यक्रम में सरकार की आयुष्मान जीवन रक्षक योजना एवं केंद्र सरकार की राहवीर योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तुरंत सहायता करना एक बड़ा मानव धर्म है। उन्हें प्रेरित किया गया कि दुर्घटना के समय घायलों को बिना देर किए अस्पताल पहुंचाकर एक जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनें।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अंत में सभी विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































