शहीदे-आज़म भगत सिंह की 118वीं जयंती पर श्रद्धांजलि सभा और रक्तदान शिविर का आयोजन

364

-भारत की जनवादी नौजवान सभा जिला कमेटी हनुमानगढ़ ने समाजवाद बचाने और नशामुक्त भारत का लिया संकल्प
हनुमानगढ़। 
भारत की जनवादी नौजवान सभा जिला कमेटी हनुमानगढ़ द्वारा रविवार को शहीदे-आज़म भगत सिंह की 118वीं जयंती बड़े ही श्रद्धाभाव से मनाई गई। इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत शहीदे-आज़म भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। सभा में मौजूद सभी सदस्यों ने समाजवाद को बचाने और भगत सिंह के सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत राज्यव्यापी आह्वान पर रक्तदान शिविर का आयोजन लाइफ लाइन ब्लड बैंक, बॉम्बे हॉस्पिटल, हनुमानगढ़ जंक्शन में किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में नौजवानों, समाजसेवियों और जनवादी नौजवान सभा के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और रक्तदान किया। शिविर में युवाओं का उत्साह देखने लायक था। रक्तदान करने वालों ने इसे मानवता की सच्ची सेवा बताते हुए भविष्य में भी निरंतर रक्तदान करने का संकल्प लिया।
जिला सचिव वेद मक्कासर ने इस अवसर पर कहा कि आज की युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर समाज में फैल रही कुरीतियों का विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा रक्तदान शिविर लगाकर मानवता को बचाना समय की मांग है। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं से पौधारोपण जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर हम युवाओं को खेल और स्टेडियम से जोड़ेंगे तो आने वाली पीढ़ी को नशे के जाल से बचाया जा सकेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष कॉमरेड देवीलाल धोलीपाल ने सभी साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने जिस समाज का सपना देखा था, वह समानता, न्याय और समाजवाद पर आधारित था। हमें उस सपने को साकार करने के लिए संघर्ष करना होगा। उन्होंने रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले सभी साथियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह आयोजन न केवल शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है बल्कि समाज के लिए प्रेरणा भी है।
इस अवसर पर रघुवीर सिंह वर्मा, सुरेश जोडकिया, विनोद सहजीपुरा, रामकुमार जोरावरपुरा, बृज प्रकाश स्वामी, विकास मेहरड़ा, पूर्ण बिरट 16 एमडी, प्रह्लाद भलोलनगर, दिनेश मजोका डबली, राकेश जोडकीया, पप्पू प्रधान, शोपत राम, मांगीलाल, विकास धोलिपाल, भूपेंदर लिम्बा मक्कासर, हर्ष शर्मा, संदीप ढ़ाका, गुरदीप भाटी, बलवीर, सुनील वर्मा, विजय पाटोदिया, विनोद बोगियां, पवन करनिसर, रोशन लाल, कैलाश, अमनदीप, राजकुमार, रिंकू भार्गव, मंगतराम, राकेश हिरनावली सहित अनेक कार्यकर्ता और समाजसेवी मौजूद रहे।
सभा और रक्तदान शिविर के दौरान देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि शहीद भगत सिंह का जीवन और उनके विचार आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं। अगर युवा उनके आदर्शों को आत्मसात कर लें, तो एक नए भारत का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे भगत सिंह के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे और समाजवाद, समानता एवं न्याय आधारित व्यवस्था के निर्माण हेतु सतत प्रयासरत रहेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।