यूपी: वीडियो में नाबालिग लड़कियों से छेड़छाड़ करता दिखा कांस्टेबल

0
1355

उत्तर प्रदेश: मैनपुरी जिले में एक कांस्टेबल द्वारा दो नाबालिग लड़कियों के साथ छेड़छाड़ का वीडियो सामने आने के बाद आरोपी पुलिसकर्मी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। जो वीडियो सामने आया है उसमें कांस्टेबल एक चारपाई पर लेटा हुआ है और वह इनमें से एक लड़की को अश्लील तरह से छूता है।

पुलिस अधीक्षक राजेश एस. ने कहा कि इस तरह के व्यवहार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपी कांस्टेबल पर बच्चों के खिलाफ यौन दुर्व्यवहार से जुड़े पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक कांस्टेबल ने कहा, मैंने उन्हें घर जाने के लिए कहा था और उस लड़की का हाथ छुआ था। मैंने उनके साथ छेड़छाड़ नहीं की थी।

आपको बता दें वर्तमान सरकार पर विपक्ष लगातार निशाना साध रहा है। तमाम आलोचनाओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों कहा था कि उन्हें विरासत में जंगल राज मिला था, लेकिन प्रदेश में जल्द ही कानून का राज स्थापित होगा। इससे पहले पिछले हफ्ते ही रामपुर में दो महिलाओं के साथ 14 लोगों द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का शर्मनाक वीडियो सामने आया था।

(खबर कैसी लगी बताएं जरूर। आप हमें फेसबुकट्विटर और यूट्यूब पर फॉलो भी कर सकते हैं)