एक सप्ताह से बूंद-बूंद को तरसे ग्रामीण, वाटर वर्क्स पर प्रदर्शन कर जताया रोष’

43

हनुमानगढ़। निकटवर्ती गांव चन्दड़ा में पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गांववासियों ने शुक्रवार को वाटर वर्क्स पहुंचकर जलदाय विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और शीघ्र जलापूर्ति बहाल करने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उपसरपंच साहब सिंह ने बताया कि गांव चन्दड़ा पिछले करीब छह माह से पेयजल संकट झेल रहा है। गांव में पानी की आपूर्ति बेहद कम मात्रा में हो रही थी, लेकिन पिछले एक सप्ताह से तो पूरी तरह बंद पड़ी है। इसके कारण करीब दो हजार की आबादी और तीन हजार से अधिक गाय-भैंसों के सामने गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दूर-दूर भटकना पड़ रहा है तथा निजी टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार गांव-गांव तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का प्रयास कर रही है और दिन प्रतिदिन नई नई योजनाएं भी ला रही है परन्तु विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते योजनाएं धरातल पर दम तोड़ रही हैं। गांव में मात्र दो इंच की पाइपलाइन बिछी हुई है, जिसका लेवल भी सही नहीं होने से पर्याप्त पानी गांव तक नहीं पहुंच पाता। गर्मी बढ़ने के साथ ही वाटर वर्क्स की डिग्गियां पूरी तरह सूख चुकी हैं, जिससे हालात और अधिक खराब हो गए हैं।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए तत्काल समाधान की मांग की। सूचना मिलने पर जलदाय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की। अधिकारियों ने फिलहाल अस्थायी राहत के तौर पर टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध करवाने की व्यवस्था करवाई। साथ ही आश्वासन दिया कि आगामी दो दिनों में पाइपलाइन और जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार कर नियमित पानी उपलब्ध करवाया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि तय समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।