अशोक वाटिका विध्वंस और लंका दहन का रोमांचक मंचन देख जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा रामलीला मैदान

35

हनुमान जी ने जलाकर राख की रावण की सोने की लंका, श्रीरामलीला के दसवें दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
हनुमानगढ़। टाउन के नगर परिषद स्थित श्रीरामलीला रंगमंच पर श्रीरामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला के दसवें दिन अशोक वाटिका विध्वंस, अक्षय कुमार वध और लंका दहन के रोमांचक प्रसंगों का मंचन किया गया। हनुमान जी द्वारा रावण की सोने की लंका जलाने का दृश्य देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। पूरा रामलीला मैदान खचाखच भरा रहा और हनुमान जी तथा प्रभु श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। मंचन के दौरान दिखाया गया कि प्रभु श्रीराम की सेना समुद्र तट पर पहुंचती है। माता सीता की खोज के लिए श्रीराम हनुमान जी को दक्षिण दिशा में भेजते हैं। समुद्र पार करते समय सुरसा राक्षसी हनुमान जी का मार्ग रोक लेती है। सुरसा के बार-बार रोकने पर हनुमान जी अपनी बुद्धिमत्ता और चतुराई का परिचय देते हुए सूक्ष्म रूप धारण कर उसके मुख में प्रवेश करते हैं और बाहर निकल आते हैं। उनकी बुद्धिमत्ता से प्रसन्न होकर सुरसा उन्हें रामकाज पूरा करने का आशीर्वाद देती है। इसके बाद हनुमान जी मच्छर का रूप धारण कर लंका में प्रवेश करते हैं, जहां सुरक्षा में तैनात लंकिनी उन्हें रोकती है। हनुमान जी के प्रहार से लंकिनी घायल होकर उनके पराक्रम को स्वीकार करती है। लंका में भ्रमण करते हुए हनुमान जी को एक कुटिया से राम-राम की आवाज सुनाई देती है। वहां पहुंचने पर उनकी मुलाकात विभीषण से होती है। हनुमान जी अपना परिचय देते हैं तो विभीषण उन्हें माता सीता के अशोक वाटिका में होने की जानकारी देते हैं। अशोक वाटिका पहुंचकर हनुमान जी माता सीता की दयनीय स्थिति देखकर व्यथित हो जाते हैं। भूख लगने पर वे वाटिका के फल खाते हैं और पेड़-पौधों को उजाड़ देते हैं। वाटिका के विध्वंस की सूचना मिलने पर रावण अपने पुत्र अक्षय कुमार को हनुमान जी से युद्ध करने भेजता है। दोनों के बीच भीषण युद्ध होता है, जिसमें अक्षय कुमार मारा जाता है। इसके बाद मेघनाथ ब्रह्मपाश से हनुमान जी को बांधकर रावण के दरबार में ले आता है। रावण के दरबार में हनुमान जी निर्भीक होकर उसे समझाते हैं, लेकिन अहंकारी रावण उनकी पूंछ में आग लगाने का आदेश देता है। पूंछ में आग लगते ही हनुमान जी अपना विकराल रूप धारण कर पूरी लंका में आग लगा देते हैं। सोने की लंका को धू-धू कर जलते देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे और जय श्रीराम के जयकारे लगाने लगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।