भुगतान, बीमा, पहचान पत्र व सुरक्षा सुविधाओं सहित नौ मांगें उठाईं

15

हनुमानगढ़। खरीफ एवं रबी वर्ष 2025-26 की फसल गिरदावरी कार्य में लगे सर्वेयरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। अमनदीप सिंह एवं समस्त सर्वेयरगण की ओर से प्रस्तुत ज्ञापन में बताया गया कि उन्हें राजस्व विभाग द्वारा फसल गिरदावरी कार्य के लिए नियुक्त किया गया था। सर्वेयरों ने संबंधित पटवारियों के निर्देशन में किसानों के खेतों में जाकर निर्धारित समयावधि में गिरदावरी का कार्य पूर्ण किया तथा समस्त विवरण समय पर विभाग को उपलब्ध करवाया।
ज्ञापन में बताया गया कि गिरदावरी कार्य के दौरान सर्वेयरों को अनेक प्रकार की कठिनाइयों और जोखिमों का सामना करना पड़ा। खेतों में जहरीले जीव-जंतु, खतरनाक कुत्ते, करंट युक्त तार तथा अन्य जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बीच कार्य करना पड़ता है। इसके बावजूद सर्वेयरों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से किया।
सर्वेयर ने मांग की कि गिरदावरी कार्य का लंबित भुगतान शीघ्र जारी किया जाए। साथ ही सभी सर्वेयरों को विभागीय पहचान पत्र उपलब्ध करवाए जाएं ताकि कार्य के दौरान उनकी पहचान सुनिश्चित हो सके और किसानों के बीच किसी प्रकार की गलतफहमी न हो। उन्होंने दुर्घटना एवं जीवन बीमा की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग रखी, जिससे कार्य के दौरान होने वाली संभावित दुर्घटनाओं की स्थिति में सुरक्षा मिल सके।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि गिरदावरी के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किसानों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। विशेष रूप से खतरनाक कुत्तों तथा करंट युक्त तारों से होने वाले जोखिम को देखते हुए उचित सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। इसके अलावा अनुभवी सर्वेयरों को प्राथमिकता देने, सुरक्षा उपकरण जैसे वाटरप्रूफ जूते, मास्क और दस्ताने उपलब्ध करवाने तथा वर्तमान महंगाई को देखते हुए प्रति खसरा निर्धारित मानदेय में वृद्धि करने की मांग भी उठाई गई।
सर्वेयरों ने सभी कर्मियों को अनुभव प्रमाण-पत्र जारी करने तथा भविष्य में उन्हें स्थायी कर मासिक वेतन व्यवस्था लागू करने पर भी विचार करने का आग्रह किया। ज्ञापन के माध्यम से सर्वेयरों ने जिला प्रशासन से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में बेहतर ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
इस मोके पर अमनदीप सिंह, राजेंद्र कुमार, गुरदीप सिंह, जयकिशन सुथार, हरीश गोदारा, अमृतपाल सिंह, हरजिंदर सिंह, रामेश्वर लाल, राजपाल सिंह, रोशन सिंह एवं दीनदयाल सुथार शामिल रहे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।