ट्रंप-हिलेरी के बीच दूसरी बहस, इस्लाम सहित बिल क्लिंटन के वैवाहिक संबंधों को बनाया मुद्दा

0
317

न्यूयॉर्क: अमेरिका राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी से उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप और हिलेरी क्लिंटन के बीच दूसरी डिबेट शुरू हो गई है। महिलाओं के बारे में अभद्र टिप्पणी को लेकर चौतरफा घिरे रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने हिलेरी क्लिंटन को घेरने के लिए नई रणनीति बनाई है। इसके लिए उन्होंने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के वैवाहिक संबंधों को मुद्दा बनाने का मन बना लिया है।

राष्ट्रपति चुनाव को लेकर तीन में से दूसरी बहस सेंट लुईस में हो रही है। ट्रंप के पास राष्ट्रपति चुनाव प्रचार को बचाने के लिए 90 मिनट का समय है। ट्रंप और हिलेरी ने बिना हाथ मिलाए ही बहस की शुरुआत की। हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि ट्रंप राष्ट्रपति बनने लायक ही नहीं हैं। वहीं ट्रंप वीडियो पर शर्मिंदा हुए। हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि ट्रंप को देश से माफी मांगनी चाहिए। तो वहीं ट्रंप ने कहा कि मैं महिलाओं का बहुत सम्मान करता हूं। मैं अमेरिका को बेहतर और अधिक सुरक्षित बनाऊंगा।

क्लिंटन ने कहा हमने कई बार डोनाल्ड ट्रंप को महिलाओं का अपमान करते देखा है। तो वहीं ट्रंप ने कहा कि मैं महिलाओं की बहुत इज्जत करता हूं। हिलेरी ने कहा कि विदेश मंत्री होने के नाते निजी ईमेल अकाउंड इस्तेमाल करना मेरी गलती थी। तो वहीं ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति चुने जाने पर हिलेरी के ईमेल्स की जांच कराऊंगा।

उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार माइक पेंस सहित रिपब्लिकन 2005 में महिलाओं के बारे में की गई उनकी अभद्र टिप्प्णी को लेकर ट्रंप की आलोचना कर रहे हैं। ये टिप्पणियां शुक्रवार को सामने आई। प्राइम टाइम बहस से पहले अमेरिकी मीडिया ने सीनेटरों और शीर्ष रिपब्लिनक अधिकारियों की एक बढ़ती सूची दी है। जो ट्रंप की जगह किसी और को रखना चाहते हैं। उनमें पूर्व रिपब्लिकन राष्ट्रपति उम्मीदवार जॉन मैक्केन और पूर्व विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस शामिल हैं।

गौरतलब है कि वॉशिंगटन पोस्ट ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी किया था जिसमें ट्रंप को यौन उत्तीड़न के बारे में टिप्पणियां करते दिखाया गया था। इसके बाद ट्रंप ने एक बयान जारी कर अफसोस भी जताया।