शीला माता मंदिर पहुंची जांगल जात्रा, ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी जुटाई

38

पर्यटन से रोजगार बढ़ाने का संदेश लेकर हनुमानगढ़ पहुंची यात्रा, स्थानीय इतिहास व संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर
हनुमानगढ़। राजस्थान के प्रसिद्ध भाटिया आश्रम, सूरतगढ़ के संस्थापक एवं प्रमुख शिक्षाविद् प्रवीण भाटिया के नेतृत्व में निकाली जा रही ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक यात्रा ‘जांगल जात्रा’ शनिवार को हनुमानगढ़ टाउन स्थित ऐतिहासिक शीला माता मंदिर पहुंची। यहां तेरा पंथ जैन समाज के अध्यक्ष राजेन्द्र बैद के नेतृत्व में यात्रा में शामिल सुशील जैन, अभिषेक दूग्गड़,मनोज बैद, रजत बाठिया, तुलसी बाठिया, मुद्दत बाठिया,  पीयूष बाठिया, पूर्व पार्षद प्रेम मेघवाल, गौरव बैद, एडवोकेट शंकर सोनी, ओम भादू आदि सदस्यों ने माला पहनाकर एवं जलपान करवाकर स्वागत किया गया। इसके बाद यात्रियों ने शीला माता मंदिर के इतिहास एवं धार्मिक महत्व की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर जांगल जात्रा के सूत्रधार प्रवीण भाटिया ने बताया कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में मौजूद ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों को पहचान दिलाना तथा पर्यटन के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। यात्रा की थीम ‘रोजगार वृद्धि के लिए पर्यटन’ रखी गई है। भाटिया ने कहा कि हनुमानगढ़ क्षेत्र में प्रागैतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के अनेक स्थल मौजूद हैं। विशेष रूप से शीला माता मंदिर जैसे ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर स्थानीय इतिहास और विरासत को नई पहचान दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि जांगल जात्रा के माध्यम से मरुस्थलीय, जलीय, बर्ड वाचिंग तथा कृषि-औद्योगिक पर्यटन की संभावनाओं को भी सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में पर्यटन के कई विविध रूप एक साथ मौजूद हैं, जो इस क्षेत्र को विशेष बनाते हैं। इन स्थलों का संरक्षण और व्यवस्थित विकास होने से सांस्कृतिक पहचान मजबूत होने के साथ स्थानीय व्यापार, होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और अन्य रोजगार गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।जांगल जात्रा के माध्यम से क्षेत्र की दुर्लभ ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित करने और उन्हें देश-दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने का संदेश दिया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।