चीन विदेश मंत्री क्विन गेंग 1 महीने से लापता, क्या ‘माओ’ की चाल अपना रहे हैं शी जिनपिंग?

0
781

कूटनीतिज्ञ के रूप में मशहूर क्विन गेंग (Qin Gang) दिसंबर 2022 में चीन के विदेश मंत्री बने थे। गेंग ने 10 साल तक विदेश मंत्री रहे वांग यी का स्थान लिया था। हालांकि, ऐसा माना जाता है कि उन्होंने हाल में चीन के अपनाए गए ‘वुल्फ वॉरियर’ वाले डिप्लोमेटिक स्टाइल से खुद को अलग कर लिया था। इसकी वजह कम्युनिस्ट सरकार के नेतृत्व से उनकी नाराजगी है।

चीन के विदेश मंत्री गेंग अंतिम बार 25 जून को रूसी, श्रीलंका और वियतनामी अधिकारियों के साथ एक बैठक में देखे गए थे। इसके बाद से सार्वजनिक कार्यक्रमों में नहीं दिखे हैं। यानी करीब एक महीने से क्विन गेंग कहां हैं, यह किसी को भी नहीं पता। यहां तक कि चीन के विदेश मंत्रालय को भी।

चीन के विदेश मंत्री क्विन गेंग को 4 जुलाई को यूरोपीय यूनियन के फॉरेन पॉलिसी चीफ जोसेफ बोरेल से मिलना था, लेकिन ये मीटिंग अचानक आगे खिसका दी गई। बोरेल को दो दिन पहले इसकी जानकारी दी गई। इसमें मीटिंग आगे बढ़ाने का कोई कारण नहीं बताया गया।

7 जुलाई को पहली बार पत्रकारों ने चीनी विदेश मंत्री गेंग के बारे पूछा। चीनी विदेश मंत्रालय ने जवाब दिया- हमें कोई जानकारी नहीं है। 10 और 11 जुलाई को गेंग को इंडोनेशिया में एक समिट में हिस्सा लेना था। कहा गया- तबीयत खराब होने की वजह से गेंग नहीं जा पाएंगे। इसकी ट्रांसस्क्रिप्ट चीनी विदेश मंत्रालय के ऑफिशियल वेबसाइट पर छपी। इसमें तबीयत वाला हिस्सा गायब था।

इसके साथ ही गेंग फिलीपींस के राष्ट्रपति के साथ होने वाली मीटिंग में भी नजर नहीं आए। इसी के बाद गेंग के गायब होने की चर्चा शुरू हो गई। अब जिन जगहों पर गेंग को होना चाहिए था, वहां पर वांग यी जा रहे हैं। दरअसल, गेंग से पहले वांग यी 10 साल तक चीन के विदेश मंत्री रहे हैं।

एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर की अफवाह या सच 

अमेरिकी नागरिक और कैंब्रिज से पढ़ी रिपोर्टर और टीवी एंकर फू जियोतियान के साथ अफेयर की अफवाहों के बीच गेंग के लापता होने की खबरें सामने आई हैं। क्विन गेंग की गैरमौजूदगी की चर्चा चीन के सोशल मीडिया वीबो के साथ चीन के सबसे बड़े सर्च इंजन बाइडू पर भी हो रही है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एक और थ्योरी चल रही है कि गेंग पर एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर के आरोपों की जांच चल रही है। द वीक के मुताबिक, यह भी अफवाह है कि गेंग और फू जियोतियान के बिना शादी के एक बच्चा भी है। जबकि चीन की कम्युनिस्ट पार्टी में ऐसे अफेयर की सख्त मनाही है।

जियोतियान ने पिछले साल एक बच्चे को भी जन्म दिया है। जियोतियान का एक ट्वीट काफी वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनका एक बेटा है। हालांकि, उन्होंने बच्चे के पिता के बारे में कोई खुलासा नहीं किया था, लेकिन सिर्फ इतना कहा था कि बच्चे के पिता चीनी मूल के हैं। चीन में भ्रष्टाचार के आरोप वाले सीनियर अधिकारियों को अक्सर अफेयर्स के मामलों में भी लिप्त पाया जाता रहा है। चीनी विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद गेंग की प्रोफाइल कहती है कि वह शादीशुदा हैं और उनका एक बेटा है।

चीनी विदेश मंत्री के साथ उनकी कथित प्रेमिका भी गायब बताई जा रही है। कहा यह भी जा रहा है कि इस अफेयर की वजह से चीन के विदेश मंत्री को शी जिनपिंग ने उनके पद से हटा दिया है। कुछ लोग फू जियोतियान को डबल एजेंट भी बता रहे हैं। हालांकि, चीन ने अभी तक इन अफवाहों की पुष्टि या खंडन नहीं किया है।

चीन की पुरानी प्रथा ‘गायब’ होना
चीन में ताकतवर लोगों का गायब होना कोई नई बात नहीं है। यह मॉडर्न चीन के संस्थापक माओ के समय से चला आ रहा है। माओ के वक्त में हंड्रेड फ्लावर्स कैंपेन चलाया गया था। इसके तहत लोगों को आलोचना करने की छूट दी गई।

साथ ही सिस्टम की खामियों को बताने के लिए कहा गया। इसके बाद कई लोगों ने ऐसा किया, लेकिन जिसने भी यह किया, उसका फिर पता नहीं चला। यानी उन लोगों को ठिकाने लगा दिया गया। ये माओ की चाल थी। दरअसल, वो अंदरखाने मौजूद अपने विरोधियों की पहचान करना चाहते थे। कहा जा रहा है कि यही चाल शी जिनपिंग भी अपना रहे हैं।
चीन में बिना किसी स्पष्टीकरण के किसी वरिष्ठ नेता का इस तरह से लंबे वक्त के लिए सार्वजनिक तौर पर न दिखना कोई असाधारण बात नहीं है। इससे पहले साल 2012 में शी जिनपिंग भी गायब हो चुके हैं। जिनपिंग का चीन का राष्ट्रपति बनना लगभग तय था। तभी 1 सितंबर को वह गायब हो गए थे। वह अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन जैसी विदेशी नेताओं के साथ पहले से तय बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे। दो हफ्ते बाद 15 सितंबर वह लोगों के सामने आए और 15 नवंबर 2012 को चीन के राष्ट्रपति बने।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।